सिम्स अस्पताल में शव वाहन व्यवस्था की बदहाली सामने आई है। कंडम शव वाहन को मृतक के परिजन और अस्पताल के कर्मचारी धक्का मारते नजर आए। तस्वीर सामने आने के बाद सिस्टम की पोल खुल गई है। मामला शनिवार का है। मृतक के पिता ने शव को घर ले जाने के लिए डायल 1099 पर शव वाहन के लिए कॉल किया था। कॉल के करीब 2 घंटे बाद शव वाहन अस्पताल पहुंचा।
शव को वाहन में रखने के बाद भी शव वाहन स्टार्ट नहीं हुआ। काफी देर तक मशक्कत के बाद भी जब गाड़ी नहीं चली तो मजबूरी में परिजनों और कर्मचारियों को वाहन को धक्का लगाना पड़ा। घंटों इंतजार के बाद दूसरे शव वाहन को बुलाया गया, तब जाकर शव को घर ले जाया जा सका। इस घटना ने अस्पताल प्रबंधन की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। कंडम वाहनों के भरोसे चल रही शव वाहन सेवा से मृतक के परिजनों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। मामले में सिम्स प्रबंधन का बयान नहीं मिल सका है।

