रायपुर, 17 जुलाई 2026 (वेदांत समाचार)। छत्तीसगढ़ शासन ने स्वतंत्रता दिवस 2026 के राज्य स्तरीय एवं जिला स्तरीय आयोजनों को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस का आयोजन पूरे प्रदेश में गरिमामय, भव्य और राष्ट्रभक्ति के माहौल में किया जाएगा। खास बात यह है कि इस बार राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में सभी सरकारी समारोहों में इसका सामूहिक गायन अनिवार्य किया गया है। शासन ने सभी जिला कलेक्टरों और विभागीय प्रमुखों को आयोजन की समुचित तैयारी, निगरानी और सफल संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
राजधानी रायपुर के स्थानीय पुलिस परेड ग्राउंड में 15 अगस्त की सुबह 9 बजे राज्य स्तरीय मुख्य समारोह आयोजित होगा, जहां मुख्यमंत्री ध्वजारोहण करेंगे, परेड की सलामी लेंगे और प्रदेशवासियों के नाम अपना संदेश देंगे। समारोह में बीएसएफ, सीआरपीएफ, सीआईएसएफ, आईटीबीपी, एसएसबी, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (पुरुष एवं महिला), नगर सेना, एनसीसी तथा बैंड प्लाटून की टुकड़ियां आकर्षक मार्च पास्ट करेंगी।राज्य शासन ने निर्देश दिए हैं कि सभी जिला मुख्यालयों में शासन द्वारा नामित मंत्री ध्वजारोहण करेंगे, परेड की सलामी लेंगे और मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन करेंगे। जिला स्तरीय कार्यक्रमों में स्कूली बच्चों द्वारा देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी जाएंगी। वहीं जनपद पंचायत मुख्यालयों में जनपद अध्यक्ष, नगर पालिकाओं और ग्राम पंचायतों में अध्यक्ष एवं सरपंच तथा बड़े गांवों में ग्राम प्रमुख ध्वजारोहण करेंगे।
इन सभी कार्यक्रमों में राष्ट्रीय गान, देशभक्ति भाषण और राष्ट्रीय एकता व अखंडता का संदेश प्रमुख रूप से दिया जाएगा।स्वतंत्रता दिवस समारोह को शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों के सम्मान से भी जोड़ा गया है। शासन ने जिला कलेक्टरों को निर्देशित किया है कि जिला स्तरीय कार्यक्रमों में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों तथा नक्सली हिंसा में शहीद हुए जवानों के परिजनों को विशेष रूप से आमंत्रित कर सम्मानित किया जाए। इसके अलावा 15 अगस्त को प्रकाशित होने वाले सरकारी विज्ञापन भी स्वतंत्रता संग्राम के महानायकों और छत्तीसगढ़ के शहीदों को समर्पित होंगे।
प्रदेशभर में स्वतंत्रता दिवस की रात्रि को सभी शासकीय भवनों, कार्यालयों और राष्ट्रीय महत्व के स्मारकों को आकर्षक रोशनी से सजाया जाएगा। इसके लिए संबंधित विभाग अपने स्तर पर व्यवस्था करेंगे। शासन ने आम नागरिकों, निजी संस्थानों और सामाजिक संगठनों से भी अपने भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने तथा रात्रि में रोशनी कर स्वतंत्रता दिवस को उत्साहपूर्वक मनाने की अपील की है।शासकीय कार्यालयों, स्कूलों और शिक्षण संस्थानों के लिए भी विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। सभी संस्थानों में सुबह 9 बजे से पहले ध्वजारोहण, राष्ट्रगान, प्रभात फेरी, सांस्कृतिक एवं साहित्यिक कार्यक्रम, खेलकूद प्रतियोगिताएं और वृक्षारोपण जैसे आयोजन कराए जाएंगे।
लाउडस्पीकर के उपयोग के लिए संबंधित जिला कलेक्टर से पूर्व अनुमति लेना अनिवार्य होगा तथा केवल देशभक्ति और मर्यादित गीतों का ही प्रसारण किया जा सकेगा।राज्य शासन का कहना है कि स्वतंत्रता दिवस 2026 केवल राष्ट्रीय पर्व के रूप में ही नहीं, बल्कि राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने के ऐतिहासिक अवसर के रूप में भी पूरे प्रदेश में उत्साह, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति के साथ मनाया जाएगा। इसके लिए सभी जिलों को समयबद्ध तैयारियां पूरी करने और आयोजन को सफल बनाने के निर्देश दिए गए हैं।

