व्यापारी ने फोटो खींचने पर युवक को चप्पलों से पीटा, दी जान से मारने की धमकी - vedantsamachar.in

व्यापारी ने फोटो खींचने पर युवक को चप्पलों से पीटा, दी जान से मारने की धमकी

रायगढ़ 1 जून 2026 (वेदांत समाचार)। जिले के लैलूंगा थाना क्षेत्र में दबंगई और सरेआम गुंडागर्दी का एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। महज़ एक पिकअप वाहन की फोटो खींचने की मामूली सी बात पर एक व्यापारी का गुस्सा इस कदर भड़का कि उसने बीच बाजार एक युवक को गंदी-गंदी गालियां देते हुए चप्पलों और मुक्कों से बुरी तरह पीट दिया। मारपीट इतनी बेरहमी से की गई कि पीड़ित के सिर, कंधे और जबड़े में गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की कड़ी धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है।

पुलिस में दर्ज प्रथम सूचना रिपोर्ट (FIR) के अनुसार, ग्राम रेगड़ी का रहने वाला पीड़ित कमलेश गुप्ता लैलूंगा स्थित ‘तोलगे कृषि सेवा केन्द्र’ में काम करता है। शुक्रवार, 29 मई 2026 की सुबह करीब 10:30 बजे, जब वह अपने काम पर था, तभी पास ही मौजूद बजरंग अग्रवाल ने उसे अपना मोबाइल दिया और टीवीएस शोरूम के सामने खड़े एक पेप्सी लदे पिकअप वाहन की तस्वीर खींचने को कहा।​जैसे ही कमलेश मोबाइल से तस्वीर खींचकर वापस लौटा, वहां ‘प्रेम बाजार’ का संचालक धीरज मित्तल आ धमका। उसने सरेआम गुंडागर्दी दिखाते हुए कमलेश को धमकाया- “तुम मेरे दुकान और पिकअप की फोटो कैसे खींच सकते हो?” इसके बाद आरोपी अपना आपा खो बैठा और उसने बीच बाजार में कमलेश को अश्लील और गंदी गालियां देनी शुरू कर दीं। जब कमलेश ने विरोध किया, तो धीरज मित्तल ने उस पर मुक्कों और चप्पलों की बरसात कर दी और सरेआम जान से मारने की धमकी दे डाली।​ इस अचानक हुए जानलेवा हमले में कमलेश को संभलने तक का मौका नहीं मिला। बेरहम पिटाई के कारण उसके सिर, कंधे और जबड़े में काफी चोटें आई हैं। इस पूरी वारदात के दौरान वहां मौजूद आशीष सिदार, अरुण प्रधान, चंद्रमणी पटेल और पवन साहू जैसे चश्मदीदों ने इस खौफनाक मंजर को अपनी आंखों से देखा। BNS की धाराओं में FIR दर्ज -​घटना के बाद लहूलुहान और दहशत में आए कमलेश ने लैलूंगा थाने पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई। पुलिस ने सरेआम हुई इस गुंडागर्दी को गंभीरता से लेते हुए तत्काल एक्शन लिया है। आरोपी धीरज मित्तल के खिलाफ नए आपराधिक कानून भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 के तहत धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है।