छत्तीसगढ़ के 4 लोगों की हिमाचल हादसे में मौत... - vedantsamachar.in

छत्तीसगढ़ के 4 लोगों की हिमाचल हादसे में मौत…

रायपुर/हिमाचल, 31 मई। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में घूमने गए बेंगलुरु के 2 परिवारों की खुशियां सड़क हादसे में मातम में बदल गईं। बैरागढ़-साच पास-किलाड़ मार्ग पर एक अर्टिगा कार करीब 500 मीटर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में 2 बच्चों समेत 8 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में छत्तीसगढ़ के भिलाई के एक परिवार के 4 लोग शामिल है। भिलाई में मृतकों के परिवार से बातचीत करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने बात करने से इनकार कर दिया। दंपती अपने बच्चों के साथ बेंगलुरु में रहते थे, वहीं जॉब कर रहे थे। यह सभी पर्यटक बेंगलुरु से हिमाचल प्रदेश घूमने आए थे और बर्फबारी का आनंद लेने साच पास जा रहे थे।

जानकारी के मुताबिक, हादसा चंबा जिले के चुराह उपमंडल के कालावन क्षेत्र के पास शुक्रवार रात को हुआ है। दोनों परिवारों ने डलहौजी से एक टैक्सी बुक की थी और साच पास इलाके में बर्फ और प्राकृतिक सौंदर्य देखने के लिए रवाना हुए थे। देर रात कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। खाई की गहराई ज्यादा होने के कारण कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार किसी भी व्यक्ति को बचने का मौका नहीं मिला। जब टैक्सी देर रात तक डलहौजी नहीं लौटी तो वाहन मालिक को अनहोनी की आशंका हुई। उसने वाहन की जीपीएस लोकेशन जांची, जो कालावन क्षेत्र के पास एक ही स्थान पर स्थिर दिखाई दे रही थी। काफी देर तक कोई गतिविधि नहीं मिलने पर स्थानीय स्तर पर खोजबीन शुरू की गई। शनिवार दोपहर वाहन के खाई में गिरने की जानकारी सामने आई, जिसके बाद पुलिस और प्रशासन को सूचना दी गई।