रायपुर, 30 मई (वेदांत समाचार)। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने श्री गुरु अर्जुन देव जी के शहीदी दिवस पर राजधानी रायपुर के तेलीबांधा स्थित गुरुद्वारा परिसर में आयोजित विशाल छबील सेवा एवं छायाचित्र प्रदर्शनी में शामिल होकर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि श्री गुरु अर्जुन देव जी का जीवन और बलिदान सत्य, सेवा, करुणा तथा मानवता की रक्षा का अमर संदेश देता है, जो आज भी समाज को प्रेरणा प्रदान कर रहा है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने गुरुद्वारा परिसर में आयोजित कार्यक्रम में राहगीरों को अपने हाथों से शरबत और प्रसादी वितरित कर सेवा परंपरा में सहभागिता निभाई। उन्होंने कहा कि सेवा, परोपकार और मानव कल्याण की भावना ही समाज को मजबूत बनाती है। कार्यक्रम के दौरान छत्तीसगढ़ सिक्ख समाज के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री का पगड़ी पहनाकर आत्मीय स्वागत किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने श्री गुरु अर्जुन देव जी के जीवन पर आधारित विशेष छायाचित्र प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। प्रदर्शनी में गुरु अर्जुन देव जी के जन्म, गुरु गद्दी की प्राप्ति, हरमिंदर साहिब के निर्माण, आदि ग्रंथ साहिब के संकलन और उनकी शहादत तक की गौरवशाली एवं प्रेरणादायक यात्रा को चित्रों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया था। प्रदर्शनी में मुगल शासक जहांगीर के साथ वैचारिक संघर्ष, गिरफ्तारी और यातनाओं के बावजूद उनके अटूट विश्वास एवं साहस को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया।
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कहा कि श्री गुरु अर्जुन देव जी त्याग, तपस्या, सत्य, सेवा और मानवता की महान प्रतिमूर्ति थे। उनका संपूर्ण जीवन प्रेम, समानता, करुणा और समर्पण का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि गुरु अर्जुन देव जी ने अन्याय और अत्याचार के सामने कभी अपने सिद्धांतों से समझौता नहीं किया। कठिनतम परिस्थितियों और असहनीय यातनाओं के बीच भी उन्होंने धैर्य, साहस और ईश्वर के प्रति अटूट आस्था का परिचय दिया, जो आज भी पूरी मानवता के लिए प्रेरणास्रोत है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शहीदी दिवस पर आयोजित छबील सेवा केवल धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि मानवता और भाईचारे की जीवंत अभिव्यक्ति है। भीषण गर्मी के दौरान राहगीरों को ठंडा और मीठा शरबत पिलाना निस्वार्थ सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने कहा कि सिक्ख धर्म की यह परंपरा समाज में सह-अस्तित्व, परोपकार और मानवीय संवेदनाओं को मजबूत करती है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने छत्तीसगढ़ सिक्ख समाज द्वारा आयोजित छायाचित्र प्रदर्शनी की सराहना करते हुए कहा कि यह नई पीढ़ी को श्री गुरु अर्जुन देव जी के जीवन, संघर्ष और महान बलिदान से परिचित कराने का सराहनीय प्रयास है। उन्होंने कहा कि किसी भी समाज का इतिहास तभी जीवंत रहता है, जब युवा पीढ़ी अपने महापुरुषों के आदर्शों, मूल्यों और त्याग को समझे और उन्हें अपने जीवन में अपनाए।
उन्होंने सभी लोगों से श्री गुरु अर्जुन देव जी के आदर्शों को आत्मसात करने तथा सत्य, सेवा, सद्भाव और मानव कल्याण के मार्ग पर चलने का संकल्प लेने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने इस गरिमामय आयोजन के लिए छत्तीसगढ़ सिक्ख समाज को बधाई एवं साधुवाद भी दिया।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव, छत्तीसगढ़ सिक्ख समाज के पदाधिकारी, समाज के वरिष्ठ सदस्य तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

