हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्ष पूरे: पत्रकार लोकतंत्र के सच्चे सेनानी, समाज को दिशा देने में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण – मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय - vedantsamachar.in

हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्ष पूरे: पत्रकार लोकतंत्र के सच्चे सेनानी, समाज को दिशा देने में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण – मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

रायपुर, 30 मई 2026 (वेदांत समाचार)। हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर राजधानी रायपुर में आयोजित ‘पत्रकारिता गौरव मार्तंड उत्सव’ में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पत्रकारों को लोकतंत्र का सच्चा सेनानी बताते हुए कहा कि पत्रकार कठिन परिस्थितियों में भी समाज तक सही और तथ्यात्मक जानकारी पहुंचाने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि मीडिया की सकारात्मक आलोचना सरकार और प्रशासन को बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देती है।

वीआईपी रोड स्थित राम मंदिर परिसर के सुंदर सदन में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पत्रकारिता ने देश के स्वतंत्रता आंदोलन, सामाजिक जागरण और राष्ट्र निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि 30 मई 1826 को प्रकाशित देश के प्रथम हिंदी समाचार पत्र ‘उदंत मार्तंड’ से शुरू हुई हिंदी पत्रकारिता की 200 वर्षों की यात्रा देशवासियों के लिए गौरव का विषय है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की पत्रकारिता परंपरा बेहद समृद्ध रही है। उन्होंने मधुकर खेर, मायाराम सुरजन, ललित सुरजन, रमेश नैय्यर और बबन प्रसाद मिश्र सहित कई वरिष्ठ पत्रकारों और संपादकों के योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि जब भी भारतीय पत्रकारिता का इतिहास लिखा जाएगा, तब छत्तीसगढ़ का नाम स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज होगा।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि महात्मा गांधी, लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक, माधवराव सप्रे और अटल बिहारी वाजपेयी जैसे महान व्यक्तित्वों ने पत्रकारिता को सामाजिक परिवर्तन और राष्ट्र चेतना का सशक्त माध्यम बनाया। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता की जिम्मेदारी केवल समाचार देना नहीं, बल्कि समाज को सही दिशा प्रदान करना भी है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाने में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। साथ ही नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में शांति, विकास और सकारात्मक बदलाव की तस्वीर देश-दुनिया तक पहुंचाने में भी पत्रकारों का योगदान सराहनीय है।

कार्यक्रम में वित्त मंत्री ओपी चौधरी, वरिष्ठ पत्रकार एवं इंडिया हैबिटेट सेंटर के डायरेक्टर डॉ. के.जी. सुरेश सहित कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे। इस अवसर पर पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले वरिष्ठ पत्रकारों को लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्ष पूरे होने पर प्रकाशित विशेषांक, पत्रकार डायरेक्टरी और पुस्तक ‘मैं अगहन हूं’ का भी विमोचन किया।

कार्यक्रम में रायपुर प्रेस क्लब के पदाधिकारी, वरिष्ठ पत्रकार, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।