रायगढ़, 30 मई 2026 (वेदांत समाचार)। रायगढ़ पुलिस ने “ऑपरेशन आघात” के तहत नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 98 प्रतिबंधित नशीली इंजेक्शन के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी ओडिशा से इंजेक्शन लाकर रायगढ़ में बेचने की तैयारी कर रहा था।
पुलिस को सूचना मिली थी कि मरीन ड्राइव क्षेत्र में एक युवक नशीली इंजेक्शन लेकर बिक्री के लिए बैठा है। सूचना पर चक्रधरनगर और साइबर थाना की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान मनीष डंडरिया (22) निवासी झारसुगुड़ा, ओडिशा के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 98 नग प्रतिबंधित NRX Pentazocine Lactate Injection (Zoxifix) बरामद किए गए, जिनकी कीमत लगभग 5,953 रुपये बताई गई है। आरोपी इंजेक्शन रखने संबंधी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। साथ ही इंजेक्शन सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और नशा तस्करों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

