वैभव सूर्यवंशी अब स्वास्थ्य विभाग से जुड़ेंगे, इस रोल में आएंगे नजर, हुआ बड़ा ऐलान - vedantsamachar.in

वैभव सूर्यवंशी अब स्वास्थ्य विभाग से जुड़ेंगे, इस रोल में आएंगे नजर, हुआ बड़ा ऐलान

नई दिल्ली, 30 मई : आईपीएल 2026 में वैभव सूर्यवंशी और उनकी टीम राजस्थान रॉयल्स का सफर थमने के बाद एक बड़ी खबर सामने आई है. वैभव सूर्यवंशी अब झारखंड के स्वास्थ्य विभाग से जुड़ने वाले हैं. इसका ऐलान झारखंड के हेल्थ मिनिस्टर डॉ. इरफान अंसारी ने किया है. डॉ. इरफान अंसारी के मुताबिक वैभव सूर्यवंशी झारखंड के स्वास्थ्य विभाग के ब्रांड एंबेसडर बनाए जाएंगे. IPL 2026 में अपने दमदार प्रदर्शन को लेकर वैभव सूर्यवंशी लगातार चर्चा में रहे हैं. राजस्थान रॉयल्स को क्वालिफायर 2 तक लाने में उनका बड़ा हाथ रहा है. अब उनकी उसी पॉपुलरिटी को भुनाकर झारखंड सरकार की कोशिश राज्य में स्वास्थ्य को लेकर लोगों में जागरूकता फैलाने का है.

झारखंड स्वास्थ्य विभाग के ब्रांड एंबेसडर बनेंगे वैभव
झारखंड के हेल्थ मिनिस्टर डॉ. इरफान अंसारी ने वैभव सूर्यवंशी के बारे में जानकारी देते हुए अपने एक्स हैंडल पर लिखा कि,” वर्ल्ड क्रिकेट में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी, कमाल की प्रतिभा और कम उम्र में ही पूरे देश को प्रभावित करने वाले युवा क्रिकेट सितारे वैभव सूर्यवंशी को झारखंड में सम्मानित किया जाएगा. साथ ही उन्हें झारखंड स्वास्थ्य विभाग का ब्रांड एंबेसडर भी बनाया जाएगा.

झारखंड के हेल्थ मिनिस्टर ने किया बड़ा ऐलान
डॉ. इरफान अंसारी ने आगे लिखा कि वैभव, भले ही तुम्हारी टीम (राजस्थान रॉयल्स) मुकाबला हार गई हो पर तुम करोड़ों भारतीयों का दिल जीत चुके हो. डॉ. इरफान अंसारी ने बताया कि वो खुद भी एक खिलाड़ी रहे हैं. ऐसे में उनकी काबिलियत को अच्छे से समझ सकते हैं. कम उम्र में बड़े-बड़े अंतरराष्ट्रीय स्तर के गेंदबाज़ों को जिस आत्मविश्वास के साथ उन्होंने धुना है, वो काबिलेतारीफ है.

उन्होंने लिखा कि वैभव ने केवल अपना नाम ही नहीं, बल्कि अपने माता-पिता, बिहार और पूरे हिंदुस्तान का नाम रोशन किया है. झारखंड के हेल्थ मिनिस्टर ने इसके लिए वैभव को दिल से बधाई दी है और कहा कि वो जल्द ही उन्हें झारखंड में सम्मानित करेंगे.

झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि वैभव सूर्यवंशी इतिहास का एक नया पन्ना लिख रहे हैं. वो उनकी प्रतिभा और पॉजिटिव अप्रोच से काफी प्रभावित हैं. झारखंड का स्वास्थ्य विभाग उनके साथ मिलकर युवाओं के बीच स्वास्थ्य, फिटनेस, अनुशासन और सकारात्मक जीवनशैली का संदेश पहुंचाने का काम करेगा.

वैभव को झारखंड के स्वास्थ्य विभाग का ब्रांड एंबेसडर बनाने का ऐलान करते हुए उन्होंने ये भी भरोसा जताया कि 15 साल का ये खिलाड़ी आने वाले समय में भारत का नाम वर्ल्ड क्रिकेट में नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा और देश को उन पर लंबे समय तक नाज होगा.

IPL 2026 के बाद अब कहां खेलेंगे खेलेंगे वैभव?
आईपीएल 2026 के 16 मैचों में सबसे ज्यादा 776 रन बनाने वाले वैभव सूर्यवंशी को जल्दी ही टीम इंडिया में लाने की आवाज उठ रही है. उम्मीद है कि सीनियर टीम में जगह बनाने और उसके लिए डेब्यू करने का उनका इंतजार जल्दी खत्म होगा. फिलहाल, वैभव का सेलेक्शन श्रीलंका दौरे पर जाने वाली इंडिया ए टीम में हुआ है, जिसमें वो आईपीएल 2026 के बाद खेलते दिखेंगे.