करंट की चपेट में आने से युवक की दर्दनाक मौत - vedantsamachar.in

करंट की चपेट में आने से युवक की दर्दनाक मौत

नगरी 30 मई 2026 (वेदांत समाचार)। नगरी विकासखंड के सिहावा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम उमरगांव में बिजली पोल पर कार्य करने के दौरान करंट लगने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक सब्जी बाड़ी में लगे बिजली पोल पर तार जोड़ने के लिए खंभे पर चढ़ा हुआ था। इसी दौरान उसे अचानक करंट लग गया, जिससे वह नीचे गिर पड़ा।

घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल युवक को नगरी अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान जोहत राम मरकाम (41 वर्ष), निवासी उमरगांव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि युवक बिना विद्युत विभाग को सूचना दिए बिजली खंभे पर चढ़कर कार्य कर रहा था। मृतक की पत्नी लछनी बाई ने बताया कि गांव के ही एक युवक ने उसे अपने खेत में विद्युत लाइन का कार्य कराने के लिए बुलाया था। घटना के बाद क्षेत्र में कई सवाल उठ रहे हैं। सबसे बड़ा प्रश्न यह है कि बिना विद्युत विभाग की अनुमति और सूचना के बिजली खंभे पर चढ़कर कार्य क्यों कराया गया। अब लोगों की नजर पुलिस प्रशासन और जांच एजेंसियों पर टिकी हुई है कि इस मामले में जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाती है। घटना की सूचना परिजनों द्वारा सिहावा थाना में दी गई, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद ही दुर्घटना के कारणों एवं जिम्मेदार व्यक्तियों की स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।