कोरबा 30 मई 2026 (वेदांत समाचार)। एसईसीएल कोरबा क्षेत्र द्वारा नए श्रम संहिताओं एवं नियमों के प्रभावी क्रियान्वयन और वैधानिक अनुपालन को लेकर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यशाला 29 मई 2026 को एसआरसी, कोरबा में प्रिंसिपल एम्प्लॉयर्स एवं कॉन्ट्रैक्टर्स के लिए आयोजित की गई।
क्षेत्रीय महाप्रबंधक राजेश कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यशाला में क्षेत्रीय श्रम आयुक्त (केंद्रीय), बिलासपुर प्रवीण कुमार मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए। उन्होंने प्रतिभागियों को नए श्रम कानूनों, श्रम संहिताओं के प्रमुख प्रावधानों, प्रधान नियोजकों एवं संविदाकारों की जिम्मेदारियों तथा विभिन्न वैधानिक प्रक्रियाओं और अनुपालन संबंधी आवश्यक पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी।

कार्यशाला में एसईसीएल के अधिकारियों, विभागीय प्रतिनिधियों तथा विभिन्न ठेका कंपनियों के प्रतिनिधियों ने सक्रिय सहभागिता की। कार्यक्रम के दौरान नए श्रम कानूनों के प्रभावी पालन, श्रमिक हितों की सुरक्षा तथा कार्यस्थल पर कानूनी प्रावधानों के अनुपालन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
प्रश्नोत्तर सत्र में प्रतिभागियों ने श्रम कानूनों से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपनी जिज्ञासाएं रखीं, जिनका विशेषज्ञों द्वारा समाधान किया गया। आयोजन के माध्यम से नए श्रम कानूनों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और वैधानिक अनुपालन को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई।
कार्यशाला को श्रम कानूनों की बेहतर समझ विकसित करने और औद्योगिक क्षेत्र में पारदर्शी एवं उत्तरदायी कार्यप्रणाली को बढ़ावा देने की दिशा में उपयोगी कदम माना गया।

