जांजगीर-चांपा में चोरी की कोशिश नाकाम, घर में घुसे आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार - vedantsamachar.in

जांजगीर-चांपा में चोरी की कोशिश नाकाम, घर में घुसे आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा, 29 मई (वेदांत समाचार)। जिले के थाना नवागढ़ क्षेत्र में देर रात घर में घुसकर चोरी की कोशिश करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी वारदात के दौरान भागने की कोशिश में अपनी मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन समेत अन्य सामान मौके पर छोड़कर फरार हो गया था, जिसके आधार पर पुलिस ने उसकी पहचान कर त्वरित कार्रवाई की।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार घटना 28 मई 2026 की रात करीब 1:30 बजे ग्राम अमोदा की है। प्रार्थी शत्रुघ्न करियरे निवासी ग्राम हरदी अपने घर के आंगन में सो रहे थे। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति चोरी की नीयत से घर में घुसा और घर के बाहर तथा अंदर लगे जलते हुए बल्ब निकालकर फेंक दिए ताकि अंधेरे का फायदा उठाकर चोरी की वारदात को अंजाम दे सके।

आवाज सुनकर जब शत्रुघ्न करियरे जागे तो उन्होंने आरोपी को पकड़ने की कोशिश की। इस दौरान आरोपी ने उन्हें धक्का देकर मौके से भागने का प्रयास किया। भागते समय आरोपी के दो मोबाइल फोन, गमछा, चप्पल और मोटरसाइकिल घटनास्थल पर ही छूट गए।

मामले की सूचना मिलने के बाद नवागढ़ पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। घटनास्थल पर मिले सामान के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान सुनील कश्यप उम्र 35 वर्ष निवासी हरदीहरि थाना नवागढ़ जिला जांजगीर-चांपा के रूप में की।

पुलिस द्वारा मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ किए जाने पर आरोपी ने चोरी की नीयत से घर में घुसने की बात स्वीकार कर ली। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी नवागढ़ निरीक्षक मणिकांत पाण्डेय एवं थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में चोरी की वारदात पर अंकुश लगाने में सफलता मिली है।