जांजगीर-चांपा में कोयला हेराफेरी का बड़ा खुलासा, 3 ट्रक ड्राइवर गिरफ्तार, 115 टन कोयला और 3 ट्रेलर जब्त - vedantsamachar.in

जांजगीर-चांपा में कोयला हेराफेरी का बड़ा खुलासा, 3 ट्रक ड्राइवर गिरफ्तार, 115 टन कोयला और 3 ट्रेलर जब्त

जांजगीर-चांपा, 29 मई (वेदांत समाचार)। जांजगीर-चांपा पुलिस ने कोयले में मिलावट कर हेराफेरी करने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन ट्रक ड्राइवरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 115.04 मीट्रिक टन कोयला और तीन ट्रेलर जब्त किए गए हैं। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

मामला थाना चांपा क्षेत्र का है, जहां प्रकाश इंडस्ट्रीज लिमिटेड (PIL) चांपा के लिए भेजे जा रहे कोयले में मिलावट कर गुणवत्ता से छेड़छाड़ की गई थी। पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में चांपा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में पूरे मामले का खुलासा कर दिया।

जानकारी के अनुसार, पीआईएल चांपा के वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारी सुरेश कुमार ने 28 मई 2026 को थाना चांपा में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि भास्करपारा कोल माइन्स सूरजपुर से कुवर ट्रांसपोर्ट भैयाथान के माध्यम से तीन ट्रेलरों में कोयला भेजा गया था। आरोपी ड्राइवर अजमत अंसारी, रामचन्द्र और शेख सरफरोज 25 मई को कोयला लेकर रवाना हुए और 27 मई को पीआईएल चांपा पहुंचे।

जब प्लांट के आरएमएच विभाग में कोयला खाली कराया गया तो उसकी गुणवत्ता संदिग्ध पाई गई। जांच में सामने आया कि कोयले में मिलावट की गई है। इसके बाद पुलिस ने तीनों ड्राइवरों से पूछताछ की, जिसमें उन्होंने बड़ा खुलासा किया।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि अमझर स्थित गणेश कोल डिपो में ट्रेलरों से उच्च गुणवत्ता वाला कोयला उतार लिया गया था और उसकी जगह घटिया स्तर का कोयला भरकर प्लांट भेज दिया गया। इस तरह कोयले की हेराफेरी कर आर्थिक लाभ कमाने की कोशिश की गई।

मामले में थाना चांपा में अपराध क्रमांक 269/2026 के तहत धारा 316(3), 3(5) भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने आरोपियों के मेमोरेंडम कथन के आधार पर गणेश कोल डिपो अमझर में छापेमारी कर बदला गया करीब 115.04 मीट्रिक टन कोयला और तीन ट्रेलर जब्त किए।

गिरफ्तार आरोपियों में शेख सरफरोज पिता शेख तबारक हुसैन उम्र 35 वर्ष निवासी गढ़वा झारखंड, अजमत अंसारी पिता इलियास अंसारी उम्र 32 वर्ष निवासी गढ़वा झारखंड तथा रामचन्द्र पिता अमरशाह उम्र 30 वर्ष निवासी सोनभद्र उत्तर प्रदेश शामिल हैं।

पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी चांपा निरीक्षक अशोक वैष्णव, उप निरीक्षक सत्यम चौहान, आरक्षक ईश्वरी राठौर, गौरीशंकर राय एवं थाना चांपा स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस द्वारा की गई इस कार्रवाई को कोयला हेराफेरी के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।