0.आक्रोशित ग्रामीणों ने सारंगढ़-रायगढ़ नेशनल हाईवे पर किया चक्काजाम, चालक की गिरफ्तारी की मांग
राजेश यादव/ सारंगढ़,29 मई 2026। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं के बीच गुरुवार को एक और दर्दनाक हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। सारंगढ़ कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बंजारी पेट्रोल पंप के पास अज्ञात XUV वाहन की टक्कर से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन सहित फरार हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वाहन की रफ्तार काफी तेज थी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक को संभलने तक का मौका नहीं मिला और उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान ग्राम बंजारी निवासी के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में शोक के साथ भारी आक्रोश फैल गया।
हाईवे पर चक्काजाम, यातायात प्रभावित
हादसे से नाराज ग्रामीणों ने सारंगढ़-रायगढ़ नेशनल हाईवे पर चक्काजाम कर दिया। इसके चलते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात बाधित हो गया। प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने दुर्घटना के जिम्मेदार फरार चालक की तत्काल गिरफ्तारी तथा सड़क सुरक्षा के प्रभावी उपाय किए जाने की मांग की।

मौके पर पहुंचा प्रशासनिक अमला
चक्काजाम और दुर्घटना की सूचना मिलते ही सारंगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों से चर्चा कर उन्हें शांत कराने का प्रयास किया। समाचार लिखे जाने तक प्रशासन द्वारा यातायात सामान्य कराने और मामले की जांच की कार्रवाई जारी थी।

👆🏼👆🏼 उक्त वाहन से हुई है दुर्घटना
तहसीलदार एन.के. सिन्हा ने दिखाई संवेदनशीलता
इधर, प्रदेशभर में तहसीलदार स्तर के अधिकारियों की हड़ताल के बीच सारंगढ़ के तहसीलदार एन.के. सिन्हा ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय दिया। घटना की जानकारी मिलते ही उन्होंने अपने अधीनस्थ अधिकारियों को निर्देशित कर मृतक के परिजनों को सड़क दुर्घटना सहायता मद से तत्काल 25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कराई। उनकी इस पहल की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।
जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाएं चिंता का विषय
सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाएं चिंता का विषय बनती जा रही हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि तेज रफ्तार वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण, सड़क सुरक्षा उपायों का सख्ती से पालन और नियमित निगरानी ही ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगा सकती है। ग्रामीणों ने प्रशासन से दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।

