कोरबा,29 मई (वेदांत समाचार)। नगर पालिका परिषद दीपका में आयोजित “सुशासन तिहार” के अंतर्गत गुरुवार को सुशासन शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में नागरिकों ने अपनी समस्याओं एवं मांगों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने उपस्थित रहकर प्राप्त आवेदनों के निराकरण की प्रक्रिया शुरू की।
इस अवसर पर नगर पालिका परिषद दीपका के वरिष्ठ पार्षद एवं पीआईसी सदस्य अरुणीश तिवारी (दादा भाई) ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं और विकास कार्यों को लेकर संबंधित विभागों को कुल 35 जनहित आवेदन सौंपे। उन्होंने प्रगति नगर, दीपका कॉलोनी, ऊर्जा नगर, ज्योति नगर, सुभाष नगर, सोमवारी बाजार, कृष्णा नगर सहित नगर पालिका क्षेत्र के विभिन्न वार्डों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।
पार्षद तिवारी ने दीपका में यात्री रेलवे स्टेशन की स्थापना, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को 50 बिस्तरीय अस्पताल में उन्नयन, आधुनिक एंबुलेंस की उपलब्धता, पशु चिकित्सालय की स्थापना, थाना चौक में यातायात व्यवस्था सुधार तथा कटघोरा-दीपका मार्ग पर रोड डिवाइडर निर्माण की मांग की। इसके अलावा स्वामी आत्मानंद विद्यालय में आरटीई प्रवेश प्रक्रिया की जांच, एसईसीएल अस्पताल में आम नागरिकों को उपचार सुविधा तथा नगर पालिका के प्लेसमेंट कर्मचारियों के मानदेय में वृद्धि का मुद्दा भी उठाया।
उन्होंने नगर क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था सुदृढ़ करने, वार्ड क्रमांक 13 में नए बोर खनन, हाईमास्ट लाइट स्थापना, स्वागत द्वार निर्माण, अटल परिसर में पुस्तकालय, प्रगति नगर में बैडमिंटन कोर्ट एवं व्यायामशाला निर्माण, पार्क में ओपन जिम तथा बच्चों के लिए खेल सामग्री उपलब्ध कराने की मांग भी रखी।
इसके साथ ही पुष्प वाटिका में टॉय ट्रेन संचालन पुनः प्रारंभ करने, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के पास प्रतीक्षालय निर्माण, दुर्गा पंडाल में पेवर ब्लॉक लगाने, महतारी वंदन योजना से वंचित हितग्राहियों को लाभ दिलाने, नई राशन दुकान खोलने, कोयला धूल नियंत्रण, जलभराव की समस्या के समाधान, कीटनाशक छिड़काव, सफाई व्यवस्था में सुधार तथा बंद पड़े जलापूर्ति संयंत्रों को पुनः चालू करने संबंधी मांगों के आवेदन भी संबंधित विभागों को सौंपे गए।
सुशासन शिविर में प्रस्तुत इन मांगों को क्षेत्र की आधारभूत सुविधाओं एवं नागरिक समस्याओं के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। नागरिकों ने उम्मीद जताई कि संबंधित विभाग इन आवेदनों पर आवश्यक कार्रवाई कर क्षेत्र की लंबे समय से लंबित समस्याओं का निराकरण करेंगे।

