कोरबा,29 मई (वेदांत समाचार)। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स जिला कोरबा द्वारा गुरुवार को मासिक धर्म स्वच्छता दिवस के अवसर पर पॉम मॉल में विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। रेड ड्रेस कोड थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में केक काटकर दिवस मनाया गया तथा मासिक धर्म स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान मासिक धर्म प्रबंधन से जुड़े मिथकों और तथ्यों पर आधारित रोचक खेलों के माध्यम से प्रतिभागियों को जागरूक किया गया। सवाल-जवाब के जरिए माहवारी को लेकर खुलकर चर्चा की गई और सही उत्तर देने वालों को सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण ‘हॉफ साड़ी सेरेमनी’ की प्रस्तुति रही, जिसे सीनियर स्काउट्स एवं गाइड्स द्वारा प्रस्तुत किया गया। प्रस्तुति में दक्षिण भारत की उस परंपरा को दर्शाया गया, जिसमें किशोरी के प्रथम मासिक धर्म को परिवार द्वारा उत्सव के रूप में मनाया जाता है। इसके साथ ही मासिक धर्म से जुड़े मिथकों, सामाजिक सोच और परिवार के सहयोग को दर्शाते हुए ‘लाल रंग की कहानी, नारी की जुबानी’ शीर्षक लघु नाटक का मंचन किया गया।
इस अवसर पर रोटरी क्लब ऑफ कोरबा के अध्यक्ष नितिन चतुर्वेदी, पूर्व अध्यक्ष पारस जैन, सतनाम सिंह मल्होत्रा, प्राचार्य अनिता ओहरी, उड़ान संस्था की शकुंतला राठौर तथा जिला चिकित्सालय की काउंसलर वीणा मिस्त्री सहित अन्य अतिथियों ने मासिक धर्म स्वच्छता के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए।
भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के जिला मुख्य आयुक्त मोहम्मद सादिक शेख ने बताया कि मासिक धर्म स्वच्छता प्रबंधन के तहत यूनिसेफ के सहयोग से पूरे प्रदेश में ‘तारुण्य वार्ता #पीरियड्सपरखुलकर’ अभियान संचालित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य किशोरियों और महिलाओं में जागरूकता बढ़ाना तथा माहवारी से जुड़े मिथकों को दूर करना है।
कार्यक्रम का संचालन एवं संयोजन जिला प्रशिक्षण आयुक्त (गाइड) पुष्पा शांडिल्य तथा जिला संगठन आयुक्त डीगम्बर सिंह कौशिक एवं उत्तरा मानिकपुरी ने किया। इस दौरान जिला सचिव भरत सिंह वर्मा, जिला संयुक्त सचिव रेखारानी लाल, डीटीसी (स्काउट) प्रीतमलाल राजवाड़े सहित बड़ी संख्या में स्काउट्स, गाइड्स एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में कोरबा को पीरियड्स फ्रेंडली जिला बनाने के संकल्प के साथ हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया, जिसमें उपस्थित लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

