जांजगीर-चांपा में नाबालिग से दुष्कर्म का मामला: शादी का झांसा देकर भगाने वाला आरोपी गिरफ्तार - vedantsamachar.in

जांजगीर-चांपा में नाबालिग से दुष्कर्म का मामला: शादी का झांसा देकर भगाने वाला आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा, 28 मई 2026 (वेदांत समाचार)। जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र में नाबालिग बालिका को शादी का झांसा देकर भगाने और अनाचार करने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में एक विधि से संघर्षरत बालक की संलिप्तता भी सामने आई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 24 मई 2026 को नाबालिग बालिका को आरोपी बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। परिजनों की शिकायत पर थाना पामगढ़ में अपराध क्रमांक 222/2026 के तहत धारा 137(2) भारतीय न्याय संहिता में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पामगढ़ पुलिस लगातार आरोपी और नाबालिग की तलाश में जुटी हुई थी। इसी दौरान 27 मई 2026 को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी दीपक चौहान (33 वर्ष) निवासी एसईसीएल ब्लॉक, थाना मानिकपुर, जिला कोरबा को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में आरोपी ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाने और शादी का झांसा देकर अनाचार करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी पामगढ़ निरीक्षक सावन सारथी, उप निरीक्षक कृष्ण कुमार साहू, सहायक उप निरीक्षक सरोज पाटले, प्रधान आरक्षक विजय निराला, आरक्षक बेदराम पटेल, सूरज पाटले, महिला आरक्षक मोनिका जोगी, सविता पटेल तथा सैनिक अनिल दिनकर सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।