IPL मैच पर सट्टा लगाते युवक को चांपा पुलिस ने पकड़ा, मोबाइल और नकदी जब्त - vedantsamachar.in

IPL मैच पर सट्टा लगाते युवक को चांपा पुलिस ने पकड़ा, मोबाइल और नकदी जब्त

जांजगीर-चांपा, 28 मई 2026 (वेदांत समाचार)। आईपीएल मैच में ऑनलाइन सट्टा लगाने वालों के खिलाफ जांजगीर-चांपा पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में थाना चांपा पुलिस ने आईपीएल मैच पर हार-जीत का दांव लगाते एक युवक को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से मोबाइल फोन और 2000 रुपये नकद जब्त किए गए हैं।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाना चांपा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बेलदार पारा क्षेत्र में एक युवक सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स के बीच चल रहे आईपीएल मैच में सट्टा संचालित कर रहा है।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक वैष्णव के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने बेलदार पारा में रोड किनारे बैठे एक युवक को हिरासत में लिया, जिसका हुलिया मुखबिर द्वारा बताए गए व्यक्ति से मेल खा रहा था।

पूछताछ में युवक ने अपना नाम मितेश देवांगन (24 वर्ष) निवासी बेलदार पारा, थाना चांपा बताया। पुलिस ने जब आरोपी का मोबाइल चेक किया तो उसमें सट्टा लगाने वाली एप्लीकेशन मिली। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी आईपीएल मैच में हार-जीत पर रुपये का दांव लगा रहा था।

थाना चांपा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 268/26 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 7 में मामला दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया और न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

इस कार्रवाई में निरीक्षक अशोक वैष्णव, उप निरीक्षक सत्यम चौहान, आरक्षक ईश्वरी राठौर, गौरीशंकर राय, श्याम राठौर एवं थाना चांपा स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

जांजगीर-चांपा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध सट्टा, जुआ और ऑनलाइन बेटिंग के खिलाफ लगातार अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाएगी।