छत्तीसगढ़ पर्यटन को मिलेगा नया आयाम: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल से हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में 500 करोड़ निवेश की तैयारी - vedantsamachar.in

छत्तीसगढ़ पर्यटन को मिलेगा नया आयाम: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल से हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में 500 करोड़ निवेश की तैयारी

रायपुर, 28 मई 2026 (वेदांत समाचार)। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ अब देश के पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान बनाने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। राज्य सरकार की निवेश अनुकूल नीतियों, पर्यटन को उद्योग का दर्जा देने और आधुनिक पर्यटन अधोसंरचना विकसित करने की पहल से प्रदेश में पर्यटन एवं हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में निवेश की संभावनाएं लगातार मजबूत हो रही हैं।

इसी क्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने निवास कार्यालय में पर्यटन को बढ़ावा देने, पर्यटक सुविधाओं के विकास और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में निवेश को लेकर आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में हिस्सा लिया। बैठक में देश की प्रतिष्ठित इंडियन होटल्स कंपनी लिमिटेड के प्रतिनिधियों सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ प्राकृतिक सुंदरता, समृद्ध आदिवासी संस्कृति, घने जंगलों, पहाड़ों, नदियों और जलप्रपातों से भरपूर राज्य है। राज्य सरकार का उद्देश्य छत्तीसगढ़ की वास्तविक सुंदरता और सांस्कृतिक समृद्धि को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना है।

उन्होंने कहा कि पर्यटन को उद्योग का दर्जा मिलने से होटल और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में निवेश तेजी से बढ़ रहा है। इससे पर्यटकों के लिए बेहतर ठहराव, आधुनिक सुविधाएं, सड़क संपर्क और परिवहन व्यवस्था विकसित होगी, जिससे छत्तीसगढ़ एक आकर्षक पर्यटन गंतव्य के रूप में उभरेगा।

बैठक के दौरान इंडियन होटल्स कंपनी लिमिटेड के प्रतिनिधियों ने बताया कि कंपनी छत्तीसगढ़ में हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में 500 करोड़ रुपये से अधिक निवेश की योजना पर कार्य कर रही है। कंपनी के अनुसार इस निवेश से प्रदेश में पर्यटन अधोसंरचना मजबूत होगी और स्थानीय युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर पैदा होंगे।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि राज्य में लगातार निवेश प्रस्ताव प्राप्त हो रहे हैं और निजी निवेश से पर्यटन क्षेत्र को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार निवेशकों को हर संभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है।

वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने बैठक में कहा कि राज्य सरकार ने निवेश के लिए सरल, पारदर्शी और समयबद्ध प्रक्रिया तैयार की है, जिससे निवेशकों को तेजी से अनुमतियां मिल सकें।

बैठक में उद्योग विभाग के अधिकारियों ने निवेश प्रोत्साहन नीति की जानकारी देते हुए बताया कि 500 करोड़ रुपये से अधिक निवेश करने वाले अथवा 1000 से अधिक लोगों को रोजगार देने वाले निवेशकों को ‘बी-स्पोक पॉलिसी’ के तहत विशेष प्रोत्साहन और अतिरिक्त लाभ दिए जाएंगे।

राज्य सरकार पर्यटन क्षेत्र में सड़क संपर्क, आधुनिक होटल, आवासीय सुविधाएं और पर्यटक सेवाओं को मजबूत करने पर विशेष फोकस कर रही है। बेहतर मानसूनी परिस्थितियां, प्राकृतिक संपदा और निवेश अनुकूल माहौल छत्तीसगढ़ को पर्यटन निवेश के लिए तेजी से उभरता हुआ राज्य बना रहे हैं।

बैठक में छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष नीलू शर्मा, मुख्य सचिव विकास शील, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, वित्त सचिव डॉ. रोहित यादव, निवेश आयुक्त ऋतु सेन, मुख्यमंत्री के सचिव राहुल भगत, उद्योग सचिव रजत कुमार और पर्यटन विभाग सचिव डॉ. एस. भारतीदासन सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।