कोरबा 28 मई (वेदांत समाचार)। आगामी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से कोरबा जिला पुलिस पूरी तरह मुस्तैद नजर आई। कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा आमजन में सुरक्षा का भरोसा कायम करने के लिए जिले के विभिन्न क्षेत्रों में पुलिस द्वारा सघन पेट्रोलिंग और फ्लैग मार्च किया गया। इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने स्वयं मैदान में उतरकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
पेट्रोलिंग के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले, सीएसपी प्रतीिक चतुर्वेदी, डीएसपी डीके सिंह, सिविल लाइन डीएसपी आस्था शर्मा, टीआई तेज यादव, एमबी पटेल सहित पुलिस विभाग के कई अधिकारी एवं जवान मौजूद रहे। पुलिस टीम ने शहर के संवेदनशील इलाकों, बाजारों, प्रमुख चौक-चौराहों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने ड्यूटी में तैनात पुलिस जवानों को सतर्कता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। वहीं आम नागरिकों से भी शांति और भाईचारे के साथ पर्व मनाने की अपील की गई। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह, असामाजिक गतिविधि या कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर कड़ी नजर रखी जाएगी।
कोरबा पुलिस की इस सक्रियता से शहर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आम लोगों में भरोसा बढ़ा है। पुलिस प्रशासन द्वारा लगातार पेट्रोलिंग और निगरानी किए जाने से त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिलेगी।

