ज्ञानेश कुमार को हटाने का प्रस्ताव लोकसभा अध्यक्ष ने किया खारिज

नई दिल्ली,07 अप्रैल। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को उनके पद से हटाने संबंधी लोकसभा के 130 सदस्यों के हस्ताक्षर वाले प्रस्ताव को सोमवार देर रात खारिज कर दिया। लोकसभा सचिवालय के अनुसार, श्री बिरला ने संविधान के अनुच्छेद 324(5) के तहत श्री कुमार को उनके मुख्य चुनाव आयुक्त के पद से हटाने की मांग करने वाले सदन के कुछ सदस्यों के ‘प्रार्थना के प्रस्ताव’ की सूचना को खारिज कर दिया है।

लोकसभा महासचिव उत्पल कुमार सिंह के हस्ताक्षर वाले नोट में सदस्यों को सूचित किया गया है कि गत 12 मार्च के एक प्रस्ताव पर लोकसभा के 130 सदस्यों ने हस्ताक्षर किए हैं। इसमें कहा गया है कि इस प्रस्ताव को लोकसभा अध्यक्ष के समक्ष प्रस्तुत किया गया था।

आधिकारिक सूचना में कहा गया है, प्रस्ताव की सूचना पर विधिवत विचार और उससे जुड़े सभी पहलुओं का निष्पक्ष आकलन करने के बाद, लोकसभा अध्यक्ष ने न्यायाधीश (जांच) अधिनियम, 1968 की धारा 3 के तहत अपने अधिकारों का प्रयोग करते हुए उक्त प्रस्ताव को अस्वीकार कर दिया है।