0 इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में लगेगा आमों का अनोखा मेला, 250 से अधिक किस्मों का होगा प्रदर्शन
रायपुर, 27 मई (वेदांत समाचार)। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में 29 से 31 मई तक आयोजित होने जा रहे तीन दिवसीय “मैंगो फेस्टिवल” में आम प्रेमियों को देश-विदेश की 250 से अधिक किस्मों को देखने और खरीदने का मौका मिलेगा। इस खास महोत्सव का मुख्य आकर्षण दुनिया का सबसे महंगा आम “मियाजाकी” रहेगा, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद है।
कृषि महाविद्यालय परिसर में आयोजित होने वाले इस आम महोत्सव में देश के विभिन्न राज्यों से किसान अपनी विशेष आम किस्मों के साथ हिस्सा लेंगे। आयोजन के दौरान आम के फल के साथ-साथ पौधों की बिक्री भी की जाएगी।
मियाजाकी से लेकर नूरजहां तक दिखेंगी दुर्लभ किस्में
मैंगो फेस्टिवल में व्यावसायिक किस्मों में दशहरी, लंगड़ा, चौसा, केसर, अलफांसो, तोतापरी और नीलम जैसे लोकप्रिय आम प्रदर्शित किए जाएंगे। वहीं हाइब्रिड किस्मों में मल्लिका, आम्रपाली, पूसा अरुणिमा, अम्बिका, रत्ना और सिंधु आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
इसके अलावा हाथीझूल, नूरजहां, लड्डू और गुलाब खास जैसी विशिष्ट किस्में भी लोगों को देखने मिलेंगी। विदेशी किस्मों में जापान का प्रसिद्ध और दुनिया का सबसे महंगा आम “मियाजाकी”, टामी एटकिन्स और गोल्डन नगेट्स विशेष आकर्षण होंगे।
बच्चों और युवाओं के लिए खास प्रतियोगिताएं
महोत्सव को रोचक बनाने के लिए कई प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया जाएगा। बच्चों के लिए मैंगो फैंसी ड्रेस और मैंगो क्विज आयोजित होगी, जबकि विद्यार्थियों के लिए आम सजावट प्रतियोगिता रखी गई है।
प्रसिद्ध शेफ आकांक्षा राय आम से बनने वाले नए व्यंजनों की लाइव प्रस्तुति देंगी। प्रतिभागी आम से बने अचार, चटनी, आम पापड़, आमरस, पना, शर्बत, जैम और मिठाइयों के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा ले सकेंगे। प्रतियोगिता के लिए न्यूनतम 250 ग्राम उत्पाद लाना अनिवार्य रखा गया है।
किसानों को मिलेगा आधुनिक खेती और मार्केटिंग का प्रशिक्षण
महोत्सव के दूसरे दिन “आम उत्पादन : समस्या एवं समाधान” विषय पर सेमिनार आयोजित होगा। इसमें किसानों को सरकारी योजनाओं, बेहतर उत्पादन तकनीक और मार्केटिंग की जानकारी दी जाएगी।
तीसरे दिन सफल आम उत्पादकों और उद्यमियों की सफलता की कहानियां साझा की जाएंगी। शाम को पुरस्कार वितरण और सम्मान समारोह के साथ महोत्सव का समापन होगा।
सुबह 9 बजे से रात 9 बजे तक खुला रहेगा आयोजन
29 मई को सुबह 9 से 12 बजे तक प्रविष्टियों का पंजीयन किया जाएगा। इसके बाद तीनों दिन प्रदर्शनी सुबह 9 बजे से रात 9 बजे तक आम जनता के लिए खुली रहेगी।
आयोजकों के अनुसार, अपनी आम किस्मों का प्रदर्शन करने वाले किसानों को प्रति किस्म कम से कम 5 से 10 आम साथ लाना अनिवार्य होगा।

