टेकऑफ से पहले इंडिगो फ्लाइट में दिखा धुआं, इमरजेंसी गेट से निकाले गए यात्री, दो घायल - vedantsamachar.in

टेकऑफ से पहले इंडिगो फ्लाइट में दिखा धुआं, इमरजेंसी गेट से निकाले गए यात्री, दो घायल

बेंगलुरु। बेंगलुरु एयरपोर्ट पर मंगलवार शाम इंडिगो की एक फ्लाइट में टेकऑफ से पहले धुआं दिखाई देने से अफरा-तफरी मच गई। सुरक्षा के मद्देनजर विमान में सवार 230 से अधिक यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को तुरंत इमरजेंसी गेट और एस्केप स्लाइड्स के जरिए सुरक्षित बाहर निकाला गया। इस दौरान दो यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं।

जानकारी के अनुसार इंडिगो की फ्लाइट 6E6017 बेंगलुरु से चेन्नई के लिए रवाना होने वाली थी। विमान रनवे की ओर बढ़ ही रहा था कि अचानक कॉकपिट और केबिन में धुआं दिखाई देने लगा। इसके बाद चालक दल ने तत्काल आपातकालीन प्रक्रिया अपनाते हुए यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला।

नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने घटना की जांच शुरू कर दी है। डीजीसीए के मुताबिक संबंधित ए321 विमान को फिलहाल जांच और आवश्यक सुधार कार्य के लिए उड़ान भरने से रोक दिया गया है।

इंडिगो एयरलाइन ने बयान जारी कर कहा कि सभी यात्री और चालक दल के सदस्य सुरक्षित हैं तथा उन्हें टर्मिनल तक पहुंचाया गया है, जहां एयरलाइन की टीम उनकी सहायता कर रही है। एयरलाइन ने यह भी बताया कि यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक विमान की व्यवस्था की गई है।

विमानन विशेषज्ञों के अनुसार ‘पुशबैक’ प्रक्रिया के बाद विमान रनवे की ओर बढ़ रहा था, तभी धुआं दिखाई दिया। घटना के बाद एयरपोर्ट पर कुछ समय के लिए हलचल का माहौल बना रहा।