भारतीय बाजार में CNG कारों की बढ़ती मांग के बीच Tata Motors ने 2026 Tata Tiago iCNG का एक और नया टीजर जारी कर दिया है. कंपनी 28 मई को इसकी कीमतों का खुलासा करेगी, लेकिन उससे पहले सामने आए टीजर ने कई बड़े फीचर्स की झलक दिखा दी है. इस बार सबसे ज्यादा चर्चा ऑटोमेटिक गियरबॉक्स और पेडल शिफ्टर जैसे फीचर्स को लेकर हो रही है, जो इस सेगमेंट में इसे खास बना सकते हैं.
नए टीजर के मुताबिक, 2026 Tata Tiago iCNG के केबिन में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा. कार में पहले से बड़ी फ्री-स्टैंडिंग टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट यूनिट, फ्लोटिंग स्टाइल इंस्ट्रूमेंट डिस्प्ले और नया टू-स्पोक मल्टीफंक्शन स्टीयरिंग व्हील दिया जा सकता है. इसके साथ ड्यूल-टोन ब्लैक और ग्रे सीट अपहोल्स्ट्री कार के इंटीरियर को ज्यादा प्रीमियम लुक दे सकती है.
पेडल शिफ्टर्स बड़ी खासियत
इस अपडेट की सबसे बड़ी खासियत पेडल शिफ्टर्स हो सकते हैं. अगर यह फीचर मिलता है, तो Tiago iCNG अपने सेगमेंट की चुनिंदा CNG हैचबैक में शामिल हो जाएगी, जिसमें यह तकनीक मौजूद होगी. इससे पहले Tata ने Punch iCNG में यह फीचर पेश किया था. ऑटोमैटिक कारों में स्टीयरिंग व्हील के पीछे दिए गए छोटे लीवर (फ्लैप) को पेडल शिफ्टर कहते हैं. इनकी मदद से ड्राइवर बिना क्लच दबाए और गियर लीवर को छुए बिना, सिर्फ उंगलियों से गाड़ी के गियर को मैन्युअल रूप से बढ़ा या घटा सकता है.
कार के अंदर होगा बड़ा बदलाव
सिर्फ इतना ही नहीं, कार के सेंटर कंसोल में भी बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है. रिपोर्ट्स के अनुसार, पारंपरिक गियर लीवर की जगह नया रोटरी ड्राइव सिलेक्टर दिया जा सकता है. इसके अलावा इंजन स्टार्ट-स्टॉप बटन, 65W Type-C फास्ट चार्जिंग पोर्ट और ड्यूल वायरलेस स्मार्टफोन चार्जिंग पैड जैसे फीचर्स भी शामिल किए जा सकते हैं.
एक्सटीरियर की बात करें तो नई Tiago iCNG में अपडेटेड हेडलैंप, नया फ्रंट ग्रिल, बदला हुआ बंपर, ब्लैक फिनिश ORVMs और टेलगेट पर i-CNG बैज देखने को मिल सकता है. इसके साथ 360-डिग्री कैमरा सिस्टम भी दिया जा सकता है, जो ड्राइविंग को और आसान बनाएगा. Tata Motors फिलहाल भारत की एकमात्र कंपनी है जो फैक्ट्री-फिटेड CNG के साथ ऑटोमेटिक ट्रांसमिशन ऑफर करती है. कंपनी Tiago को पेट्रोल, CNG और इलेक्ट्रिक वर्जन में बेचती रहेगी.
अब सभी की नजरें 28 मई पर हैं, जब कंपनी इस नई CNG हैचबैक की कीमत और वेरिएंट से जुड़ी पूरी जानकारी सामने लाएगी. अगर कीमत प्रतिस्पर्धी रहती है, तो यह मॉडल CNG सेगमेंट में बड़ा बदलाव ला सकता है.

