बेमेतरा 10 जुलाई 2026 (वेदांत समाचार)। जिला स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव के दौरान उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने आत्मीयता की मिसाल पेश की। उन्होंने मंडी प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों के साथ जमीन पर बैठकर न्यौता भोज ग्रहण किया।
कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री जैसे ही भोजन कक्ष में पहुंचे, उन्होंने कुर्सी-टेबल की बजाय बच्चों के साथ जमीन पर पंक्तिबद्ध होकर बैठना पसंद किया।थाली में परोसा गया भोजन बच्चों के साथ मिलकर खाया।
खुशनुमा माहौल में हुआ सामूहिक भोज
भोजन के दौरान उप मुख्यमंत्री ने बच्चों से पढ़ाई, खेल और घर-परिवार के बारे में आत्मीय बातचीत की। बच्चों ने भी बिना किसी झिझक के उप मुख्यमंत्री के साथ हंसते-खेलते भोजन किया। पूरे माहौल में अपनापन और खुशी साफ दिखाई दे रही थी। इस दौरान उन्होंने बच्चों को पौष्टिक भोजन करने और मन लगाकर पढ़ाई करने की प्रेरणा भी दी।
उप मुख्यमंत्री श्री साव ने कहा कि बच्चों के साथ बैठकर भोजन करने से जो अपनापन मिलता है वो शब्दों में नहीं बताया जा सकता। यही हमारी संस्कृति है। जब बड़े और बच्चे एक साथ बैठकर खाते हैं तो संस्कार और संस्कृति दोनों आगे बढ़ती है।

इस अवसर पर खाद्य मंत्री दयालदास बघेल ,दुर्ग लोकसभा क्षेत्र के सांसद श्री विजय बघेल उपस्थित थे। इसके साथ ही विधायक दीपेश साहू, विधायक ईश्वर साहू, रजककार विकास बोर्ड के अध्यक्ष प्रहलाद रजक, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती कल्पना योगेश तिवारी, तेलघानी विकास बोर्ड के अध्यक्ष जितेन्द्र साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधि कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं, पुलिस महानिरीक्षक रामकृष्ण साहू, बीईओ, स्कूल के शिक्षक और बड़ी संख्या में बच्चे उपस्थित रहे।

