अहमदाबाद, 26 मई, 2026: भारत की सबसे बड़ी रिन्यूएबल एनर्जी कंपनी अदाणी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड (एजीईएल) ने कुल 3.37 गीगावॉट-आवर बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम (बीईएसएस) शुरू कर दिया है। यह चीन के बाहर दुनिया का सबसे बड़ा सिंगल-लोकेशन बैटरी स्टोरेज प्रोजेक्ट माना जा रहा है और साथ ही दुनिया में सबसे तेज़ी से तैयार किए गए बड़े प्रोजेक्ट्स में भी शामिल है। इसमें मार्च 2026 में शुरू की गई 1.37 गीगावॉट-आवर क्षमता भी शामिल है, जिसके बाद गुजरात के खावड़ा में एजीईएल की कुल ऑपरेशनल बीईएसएस क्षमता बढ़कर 3.37 गीगावॉट-आवर** हो गई है। यह पूरा प्रोजेक्ट साइट पर निर्माण शुरू होने के केवल 10 महीनों के भीतर ही पूर्ण हो गया, जो इसे दुनिया के सबसे तेज़ यूटिलिटी-स्केल बैटरी स्टोरेज प्रोजेक्ट्स में शामिल करता है।
इस प्रोजेक्ट की शुरुआत ग्रिड की भरोसेमंद क्षमता बढ़ाने, पीक समय में बिजली आपूर्ति को मजबूत करने और रिन्यूएबल एनर्जी के जरिए बड़े स्तर पर 24 घंटे लगातार बिजली उपलब्ध कराने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है। एजीईएल का लक्ष्य वित्त वर्ष 2027 में 10 गीगावॉट-आवर से ज्यादा बैटरी स्टोरेज क्षमता जोड़ने और अगले पाँच वर्षों में इसे बढ़ाकर 50 गीगावॉट-आवर तक पहुंचाने का है।
एजीईएल का 3.37 गीगावॉट-आवर बीईएसएस इतना क्लीन एनर्जी स्टोर कर सकता है कि उससे लगभग 10 लाख घरों को पूरे एक दिन तक बिजली दी जा सकती है। यह इंदौर तथा चंडीगढ़ जैसे शहरों या पूरे गोवा राज्य की पीक बिजली जरूरत को सपोर्ट करने में सक्षम है। इसके अलावा यह 1.2 करोड़ से ज्यादा एलईडी बल्बों को लगातार 10 घंटे तक बिजली दे सकता है। बैटरी स्टोरेज को रिन्यूएबल एनर्जी आधारित बिजली व्यवस्था को स्थिर बनाए रखने और चौबीसों घंटे ग्रीन पॉवर उपलब्ध कराने में बड़ा बदलाव लाने वाला कदम माना जा रहा है।
एजीईएल के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर सागर अदाणी ने कहा, “भारत के स्वच्छ ऊर्जा बदलाव के अगले चरण में बड़े स्तर पर एनर्जी स्टोरेज की बहुत महत्वपूर्ण भूमिका होगी। जैसे-जैसे रिन्यूएबल एनर्जी क्षमता तेजी से बढ़ रही है, वैसे-वैसे भरोसेमंद और चौबीसों घंटे स्वच्छ बिजली उपलब्ध कराने के लिए स्टोरेज इंफ्रास्ट्रक्चर बेहद जरूरी हो जाता है। खावड़ा में 3.37 गीगावॉट-आवर बीईएसएस शुरू होने के साथ एजीईएल मजबूत, लचीली और जरूरत के मुताबिक बिजली उपलब्ध कराने वाली ऊर्जा व्यवस्था की नींव को और मजबूत कर रहा है। बैटरी स्टोरेज में हमारा निवेश भविष्य की जरूरतों के हिसाब से बड़े स्तर पर स्वच्छ ऊर्जा इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करने की हमारी दीर्धकालिक विचारधारा को दर्शाता है।”
यह बीईएसएस प्रोजेक्ट एडवांस एनर्जी मैनेजमेंट सिस्टम और लिथियम-आयन बैटरी तकनीक के साथ तैयार किया गया है, ताकि बेहतर क्षमता, भरोसेमंद प्रदर्शन और ग्रिड की तेज़ प्रतिक्रिया सुनिश्चित की जा सके। एजीईएल ने इस प्रोजेक्ट को रणनीतिक रूप से गुजरात के खावड़ा में स्थापित किया है, जहाँ कंपनी दुनिया का सबसे बड़ा रिन्यूएबल एनर्जी प्लांट विकसित कर रही है। यहाँ वर्ष 2029 तक 30 गीगावॉट क्षमता विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है, जिसमें से 9.9 गीगावॉट क्षमता पहले ही शुरू हो चुकी है।

दुनियाभर में रिन्यूएबल एनर्जी का इस्तेमाल तेजी से बढ़ रहा है और ऐसे में बड़े स्तर के बैटरी स्टोरेज सिस्टम भरोसेमंद स्वच्छ ऊर्जा आपूर्ति के लिए बेहद जरूरी इंफ्रास्ट्रक्चर बनकर उभर रहे हैं। रिन्यूएबल एनर्जी का उत्पादन समय, मौसम, सीज़न और जगह के अनुसार बदलता रहता है। बीईएसएस इस चुनौती को कम करने में मदद करता है, क्योंकि यह अतिरिक्त ऊर्जा को स्टोर करके जरूरत के समय बिजली उपलब्ध कराता है।
एजीईएल का यह बीईएसएस प्रोजेक्ट इस बात पर प्रकाश डालता है कि किस तरह रिन्यूएबल एनर्जी को सिर्फ रुक-रुक कर मिलने वाली बिजली से आगे बढ़ाकर बड़े स्तर पर भरोसेमंद और जरूरत के मुताबिक उपलब्ध होने वाली ऊर्जा व्यवस्था में बदला जा सकता है।
अदाणी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड के बारे में जानकारी
अदाणी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड (एजीईएल) भारत की सबसे बड़ी और दुनिया की प्रमुख रिन्यूएबल एनर्जी कंपनियों में से एक है, जो स्वच्छ ऊर्जा की दिशा में बदलाव को आगे बढ़ाने का काम कर रही है। एजीईएल बड़े स्तर पर ग्रिड से जुड़े सोलर, विंड, हाइब्रिड और एनर्जी स्टोरेज प्रोजेक्ट्स को विकसित, संचालित और मैनेज करती है। वर्तमान में कंपनी के पास 19.7 गीगावॉट की ऑपरेशनल रिन्यूएबल एनर्जी क्षमता है, जो कि भारत में सबसे बड़ी क्षमता मानी जाती है और 12 राज्यों में फैली हुई है।
कंपनी ने भारत के डीकार्बनाइजेशन लक्ष्यों के अनुरूप वर्ष 2030 तक 50 गीगावॉट क्षमता हासिल करने का लक्ष्य तय किया है। एजीईएल सस्ती और बड़े स्तर पर उपलब्ध स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए तकनीक का उपयोग करते हुए लेवलाइज्ड कॉस्ट ऑफ एनर्जी (एलसीओई) को कम करने पर लगातार काम कर रही है।
एजीईएल गुजरात के खावड़ा में 538 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में दुनिया का सबसे बड़ा रिन्यूएबल एनर्जी प्लांट विकसित कर रही है। यह क्षेत्रफल पेरिस शहर से लगभग पाँच गुना बड़ा है। कंपनी का ऑपरेशनल पोर्टफोलियो वॉटर पॉजिटिव, सिंगल-यूज़ प्लास्टिक फ्री और ज़ीरो वेस्ट-टू-लैंडफिल सर्टिफाइड है, जो सतत विकास के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
अधिक जानकारी के लिए विजिट करें: www.adanigreenenergy.com
- चीन के बाहर
**डिस्पैचेबल आधार पर, मार्च 2026 में घोषित समकक्ष स्थापित क्षमता 1.58 गीगावॉट-आवर रही

