भिलाई, 07 अप्रैल (वेदांत समाचर) : भिलाई स्टील प्लांट के पावर प्लांट-2 में मंगलवार सुबह करीब 10 बजे अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। सुबह करीब 10 बजे टर्बाइन सेक्शन में ब्लास्ट होने की बात सामने आई है, जिसके बाद आग तेजी से फैल गई और पूरे इलाके में धुएं का गुबार छा गया। घटना के समय प्लांट के अंदर मौजूद कर्मचारियों ने हालात बिगड़ते देख पीछे के रास्ते से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की आधा दर्जन से ज्यादा गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। संयंत्र प्रबंधन के वरिष्ठ अधिकारी और प्रशासन की टीम भी तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और आग पर काबू पाने का काम शुरू किया गया। दमकल कर्मियों ने युद्ध स्तर पर आग बुझाने की कोशिश शुरू की, जिसके बाद धीरे-धीरे हालात पर नियंत्रण पाया जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टर्बाइन में अचानक तेज आवाज के साथ ब्लास्ट हुआ, जिसके बाद आग की लपटें तेजी से फैलने लगीं। कुछ ही मिनटों में पावर प्लांट का बड़ा हिस्सा धुएं से भर गया।
आसमान में दूर तक धुएं और आग की लपटें दिखाई दे रही थीं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इस घटना में 7 से ज्यादा बीएसपी कर्मियों के घायल होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हुई है। विभागीय सूत्रों के मुताबिक दो बीएसपी कर्मचारी और तीन ठेका श्रमिक को हल्की चोट आई है, जबकि एक कर्मचारी के पैर में फ्रैक्चर बताया जा रहा है। सभी घायलों को सेक्टर-9 अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। कुछ घायलों को पहले मेन मेडिकल पोस्ट में प्राथमिक उपचार दिया गया। प्लांट प्रबंधन और प्रशासन की टीमें लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं। आग लगने के सटीक कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।
शुरुआती तौर पर टर्बाइन सेक्शन में तकनीकी खराबी या दबाव बढ़ने से ब्लास्ट होने की आशंका जताई जा रही है, लेकिन जांच के बाद ही असली वजह सामने आएगी। घटना के बाद प्लांट के अंदर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और कर्मचारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। आग पूरी तरह बुझने और जांच रिपोर्ट आने के बाद ही नुकसान और कारणों की सही जानकारी सामने आ सकेगी। बीएसपी प्रबंधन की ओर से आधिकारिक बयान आने का इंतजार किया जा रहा है, जिससे स्थिति और साफ हो सकेगी।
