दुर्ग, 24 मई (वेदांत समाचार)। आरोपी ने एक कंपनी डायरेक्टर के पिता की फोटो और डीपी का इस्तेमाल कर वाटसअप पर फर्जी मैसेज भेजा और अकाउंटेंट को झांसे में लेकर 20 लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए। प्रार्थी द्वारा की शिकायत पर सुपेला पुलिस ने अज्ञात मोबाइल नंबर और एचडीएफसी बैंक खाते के धारक के खिलाफ धारा 318 (4) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच मे लिया है। पुलिस ने बताया कि प्रार्थी यश बत्रा (27) साईराम व्हील्स प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर हैं। कंपनी के दुर्ग, भिलाई, रायपुर और राजनांदगांव में शोरूम संचालित हैं।
सभी शाखाओं के लेन-देन के लिए पिछले 13 वर्षों से मेष पटेल नामक अकाउंटेंट कार्यरत है। कंपनी के डायरेक्टरों और अकाउंटेंट के बीच भुगतान स्वीकृति के लिए वाटसअप ग्रुप भी बना हुआ है। यश बत्रा के पिता श्रीचंद बत्रा इन दिनों आस्ट्रेलिया गए हुए हैं। 21 मई को एक अज्ञात मोबाइल नंबर से अकाउंटेंट मेष पटेल के मोबाइल पर मैसेज आया, जिसमें श्रीचंद बत्रा की फोटो और डीपी लगी हुई थी। मैसेज में एचडीएफसी बैंक खाते में रकम ट्रांसफर करने के निर्देश दिए गए।
अकाउंटेंट ने इसे कंपनी डायरेक्टर का निर्देश समझकर पुष्टि की और फिर कंपनी के करंट एसबीआई खाते से 20 लाख रुपये एचडीएफसी खाते में ट्रांसफर कर दिए। अगले दिन 22 मई को उसी नंबर से फिर 48 लाख रुपये ट्रांसफर करने का मैसेज आया। अकाउंटेंट ने यश बत्रा से इसको लेकर चर्चा की। यश बत्रा ने अपने पिता से फोन पर संपर्क किया तो पता चला कि उन्होंने किसी प्रकार के रकम की मांग नहीं की थी।

