कोरबा, 23 मई +वेदांत समाचार)। जिले में अपराधों पर नियंत्रण और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत थाना सिविल लाइन रामपुर पुलिस ने चोरी के मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं मामले में छह विधि से संघर्षरत बालकों की संलिप्तता पाए जाने पर उनके विरुद्ध पृथक वैधानिक कार्रवाई की गई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एसी के कॉपर पाइप के छोटे-छोटे टुकड़ों में काटा गया कुल 37 नग मशरूका जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार प्रार्थी की लिखित शिकायत पर 25 अप्रैल 2026 को थाना सिविल लाइन रामपुर में चोरी का मामला दर्ज कर अपराध क्रमांक 360/2026 के तहत धारा 303(2), 3(5) बीएनएस के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं एसडीओपी के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने विस्तृत विवेचना और तकनीकी जांच शुरू की।
जांच के दौरान कमलेश पाण्डेय, बिद्दू कुमार साव और आशीष यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। विवेचना के दौरान छह विधि से संघर्षरत बालकों की भूमिका भी सामने आई, जिनके खिलाफ पृथक कार्रवाई की गई।
गिरफ्तार आरोपियों में लालघाट बालको निवासी कमलेश पाण्डेय (38), राताखार निवासी बिद्दू कुमार साव (28) और परसाभाठा निवासी आशीष यादव (18) शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों से चोरी किया गया कॉपर पाइप बरामद कर जब्त किया और आवश्यक दस्तावेजी कार्रवाई पूरी करने के बाद सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि चोरी, संदिग्ध गतिविधियों अथवा किसी भी अवैध कार्य की सूचना तत्काल नजदीकी थाना, चौकी या पुलिस कंट्रोल रूम को दें।

