नई दिल्ली,20 मई : Sanjiv Goenka- Vaibhav Sooryavanshi: इसमें दो राय नहीं कि LSG के मालिक संजीव गोयनका, वैभव सूर्यवंशी की बल्लेबाजी के कायल हो चुके हैं. इसका पता तब भी चला जब उन्होंने इंडिया A में सेलेक्शन के बाद वैभव के लिए तारीफ में अपने एक्स हैंडल पर लिखा और 19 मई की शाम भी जब LSG के खिलाफ वैभव सूर्यवंशी राजस्थान रॉयल्स की जीत के हीरो बने. संजीव गोयनका और उनकी पत्नी दोनों वैभव सूर्यवंशी से मिलने पहुंचे. उन्होंने 15 साल के होनहार क्रिकेटर से सिर्फ मुलाकात ही नहीं की बल्कि दो बातें भी की. उसी बातचीत पर भारत के पूर्व क्रिकेटर सुनील गावस्कर ने कमेंट्री के दौरान हल्के-फुल्के अंदाज में टिप्पणी की है.
वैभव सूर्यवंशी से मिले संजीव गोयनका
राजस्थान रॉयल्स ने 19 मई को जयपुर में खेले मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स को 7 विकेट से हराया. LSG को हराने में 15 साल के वैभव सूर्यवंशी का बड़ा हाथ रहा, जिन्होंने 38 गेंदों पर 93 रन वाली अपनी पारी से मुकाबले को एकतरफा बना दिया. इस मैच के बाद संजीव गोयनका अपनी टीम का हाल जानने उनके पास नहीं गए बल्कि सीधे वैभव सूर्यवंशी के पास जा पहुंचे. इस दौरान गोयनका की पत्नी भी उनके साथ थीं. वैभव ने दोनों को अपने चिर परिचित अंदाज में पहले पैर छूकर प्रणाम किया.
वैभव-गोयनका मुलाकात पर गावस्कर ने क्या कहा?
संजीव गोयनका ने वैभव सूर्यवंशी से बातचीत की. दोनों की उसी बातचीत को देखकर कमेंट्री कर रहे सुनील गावस्कर ने उस पर मजाकिया लहजे में रिएक्ट किया. गावस्कर ने कहा कि वैभव सूर्यवंशी से संजीव गोयनका यही कह रहे होंगे कि मैं अगले साल तुम पर बोली लगाऊंगा.
गोयनका परिवार के बच्चों को वैभव ने दिए ऑटोग्राफ
वैभव सूर्यवंशी ने संजीव गोयनका और उनकी पत्नी से सिर्फ मुलाकात और बात ही नहीं की बल्कि उनके परिवार के बच्चों को ऑटोग्राफ भी दिए. वैभव के गोयनका परिवार के बच्चों को ऑटोग्राफ देते फोटो सोशल मीडिया पर वायरल है.
वैभव के दम से प्लेऑफ की रेस में RR
वैभव सूर्यवंशी के दम से राजस्थान रॉयल्स प्लेऑफ की रेस में बनी है. LSG को हराने के बाद राजस्थान को अब अपना आखिरी मुकाबला मुंबई इंडियंस के खिलाफ खेलना है, जिसे जीतते ही उन्हें प्लेऑफ का टिकट मिल जाएगा.

