नई दिल्ली,20 मई : IPL 2026 की प्लेऑफ की रेस से मुंबई इंडियंस पहले से ही बाहर है. वहीं, आखिरी स्पॉट के लिए कोलकाता नाइट राइडर्स की उम्मीद उसकी अपनी जीत के साथ-साथ बाकी टीमों के प्रदर्शन पर भी टिकी हैं. IPL 2026 के 65वें मुकाबले में ये दोनों टीमें आमने-सामने होने जा रही है. मुकाबला कोलकाता के ईडन गार्डन्स पर है, जहां एक अदृश्य खतरे उन्हें बचकर रहना होगा. अदृश्य यानी ना दिखने वाले खतरे से ताल्लुक चिलचिलाती गर्मी से है जो ईडन गार्ड्न्स पर खिलाड़ियों को परेशानी में डाल सकता है.
कोलकाता की गर्मी में KKR vs MI का मुकाबला
इन दिनों तेज और झुलसा देने वाली गर्मी ने भारत के कई हिस्सों में लोगों की परेशानी को बढ़ा रखा है. कोलकाता भी देश के उन्हीं हिस्सों में एक है, जहां के क्रिकेट स्टेडियम ईडन गार्डन्स पर KKR और MI की टीमें आमने-सामने होंगी. मुकाबला भले ही शाम में खेला जाएगा मगर गर्मी का असर तब भी भरपूर रहने की संभावना है. मौसम बताने वाली वेबसाइट एक्यूवेदर.कॉम के मुताबिक, मुकाबले वाले दिन कोलकाता का अधिक्तम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री रहने की संभावना है.
शाम को मैच फिर भी राहत नहीं, बढ़ सकती है परेशानी
कोलकाता नाइट राइडर्स और मुंबई इंडियंस के बीच मुकाबला शाम के साढ़े 7 बजे से खेला जाएगा, जिस वक्त का अधिक्तम तापमान एक्यूवेदर.कॉम के मुताबिक 34 डिग्री रहने का अनुमान है. हालांकि, गर्मी का एहसास 42 डिग्री के जैसा हो सकता है. तेज गर्मी के साथ-साथ उमस खिलाड़ियों की परेशानी बढ़ाता दिखेगा. इन हालातों में मुकाबला खेलते हुए खिलाड़ियों को मैदान पर क्रैम्प पड़ने की संभावना बढ़ जाएंगी.
KKR vs MI का मुकाबला कितना अहम?
ईडन गार्डन्स पर खेले जाने वाले मुकाबले में मुंबई इंडियंस के पास खोने को कुछ नहीं है. ऐसे में वो जीत के साथ कोलकाता की प्लेऑफ की राह को मुश्किल बनाना चाहेंगे. ये ग्रुप स्टेज पर मुंबई का आखिरी मैच है. वहीं कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए प्लेऑफ की अपनी उम्मीदों को जिंदा रखने के लिए इस मुकाबले का जीतना बेहद जरूरी है. अगर वो मुंबई के खिलाफ हारते हैं तो उसी के साथ उनके प्लेऑफ में पहुंचने की बची-खुची उम्मीद भी खत्म हो सकती है.

