मनगट्टा में 150 एकड़ पर अवैध प्लाटिंग! चला प्रशासन का बुलडोजर, प्रवेश द्वार, सड़क के साथ हटाए अन्य निर्माण… – vedantsamachar.in

मनगट्टा में 150 एकड़ पर अवैध प्लाटिंग! चला प्रशासन का बुलडोजर, प्रवेश द्वार, सड़क के साथ हटाए अन्य निर्माण…

राजनांदगांव 20 मई 2026। राजनांदगांव के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मनगट्टा में अवैध प्लाटिंग का खेल खेला जा रहा था. सूचना मिलने पर प्रशासन ने आज सुबह से कार्रवाई शुरू करते हुए 150 एकड़ जमीन पर अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त किया. प्रशासन को सूचना मिली थी कि ग्राम मनगट्टा में बिना वैधानिक अनुमति एवं नियमानुसार स्वीकृति के बड़े पैमाने पर अवैध प्लाटिंग की जा रही है. इसके बाद राजस्व विभाग की टीम द्वारा स्थल का निरीक्षण किया, जिसके बाद आज मौके पर पहुंचकर प्रशासनिक अमले ने बुलडोजर के माध्यम से अवैध रूप से विकसित किए गए मार्ग, प्रवेश द्वार एवं अन्य निर्माण कार्य को हटाने की कार्रवाई की. प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि किसी भी भूमि अथवा प्लाट की खरीदी करने से पहले उसकी वैधानिक स्थिति, अनुमति एवं दस्तावेजों की जांच अवश्य करें, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े. प्रशासन ने कहा कि जिले में अवैध प्लाटिंग, अतिक्रमण एवं राजस्व नियमों के उल्लंघन के मामलों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है, तथा आगे भी इस प्रकार की कार्रवाई जारी रहेगी.