कोरबा के केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-2 एनटीपीसी में 1,000 छात्रों का स्वास्थ्य परीक्षण, विशेषज्ञों ने दिए स्वस्थ जीवन के टिप्स - vedantsamachar.in

कोरबा के केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-2 एनटीपीसी में 1,000 छात्रों का स्वास्थ्य परीक्षण, विशेषज्ञों ने दिए स्वस्थ जीवन के टिप्स

कोरबा, 04 जुलाई (वेदांत समाचार)। केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-2, एनटीपीसी कोरबा में छात्रों के बेहतर स्वास्थ्य और जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित तीन दिवसीय स्वास्थ्य परीक्षण शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। 2 जुलाई से 4 जुलाई तक चले इस विशेष अभियान में विद्यालय के लगभग 1,000 छात्रों का विस्तृत स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।

स्वास्थ्य परीक्षण का नेतृत्व सीएचसी कटघोरा के डॉ. हेमंत पटेल ने किया। इस दौरान उनकी सहयोगी श्रीमती ज्योति ने भी स्वास्थ्य जांच अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। शिविर के दौरान विद्यार्थियों की लंबाई, वजन, आंख, कान, नाक, गला, दांत तथा सामान्य शारीरिक स्वास्थ्य की बारीकी से जांच की गई।

डॉ. हेमंत पटेल ने विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि दैनिक जीवन में स्वच्छता, नियमित योग एवं व्यायाम, संतुलित एवं पौष्टिक आहार तथा पर्याप्त मात्रा में पानी पीने जैसी अच्छी आदतों को अपनाना आवश्यक है। उन्होंने विभिन्न संक्रामक बीमारियों, उनके लक्षणों और बचाव के उपायों की भी जानकारी दी, ताकि बच्चे स्वास्थ्य के प्रति अधिक जागरूक बन सकें।

विद्यालय के प्राचार्य एस.के. साहू ने स्वास्थ्य परीक्षण टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर विद्यार्थियों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए अत्यंत उपयोगी हैं। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के सफल संचालन में विद्यालय के सभी शिक्षकों, नर्स तथा गैर-शिक्षण कर्मचारियों का सराहनीय योगदान रहा।

विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि ऐसे स्वास्थ्य परीक्षण कार्यक्रमों का उद्देश्य विद्यार्थियों में स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की समय रहते पहचान करना तथा उन्हें स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक बनाना है। इस तरह के आयोजन भविष्य में भी नियमित रूप से किए जाएंगे, ताकि बच्चों के समग्र स्वास्थ्य का बेहतर तरीके से ध्यान रखा जा सके।