दौलत के लिए प्यार, हुस्न काे बनाया हथियार, खूबसूरत चेहरे पर जितना मोहा दिल, उतना घातक साबित हुआ संगदिल

25 मार्च (वेदांत समाचार)  हुस्न और सुरीली आवाज को हथियार बनाकर हनी ट्रैप यानि शहद का जाल का धंधा फल-फूल रहा है। दौलत की भूख मिटाने व महंगे शौक पूरे करने के लिए रईसजादों को हनी ट्रैप का शिकार बनाया जाता है। शहर में कई व्यापारियों व रईसजादों के बच्चे शिकार हो चुके हैं तथा कई निशाने पर हैं। मोबाइल पर एक मिस्ड काल, इंटरनेट मीडिया पर फ्रेंड रिक्वेस्ट अथवा आमने-सामने की पल भर की दोस्ती उन्हें हनी ट्रैप की तरफ ले जाती है। स्कूल कालेज के छात्र, शोरूम में काम करने वाले युवा भी इसका शिकार होने लगे हैं। अनैतिक व शारीरिक संबंधों काे सार्वजनिक कर बदनाम करने की धमकी, दुष्कर्म व कृकृत्य की शिकायत हनी ट्रैप में वसूली का मुख्य हथियार बनाया जाता है। चंगुल में फंसे लोगों से लाखों रुपये की मांग की जाती है। जिले में हनी ट्रैप के कई गिरोह सामने आ चुके हैं। जिसमें खूबसूरत महिलाएं, युवतियां, कानून के जानकार व पुलिस वाले शामिल रहे। हनी ट्रैप का गिरोह पुलिस के लिए चुनौती बनता जा रहा है।

ताजा मामला सामने आया, जांच शुरू : हनी ट्रैप के ताजा मामले में आदर्श नगर निवासी एक कारोबारी के बेटे को फंसाने की साजिश रचने की शिकायत की गई। घमापुर निवासी खूबसूरत चेहरे वाली महिला ने उसके खिलाफ दुष्कर्म व कुकर्म की एफआइआर दर्ज करवा दी है। महिला ने युवक व उसके पिता से 15 लाख रुपये मांगे थे। रकम न मिलने पर उसने एफआइआर का सहारा लिया। गैंग में शामिल कानून के जानकार उसकी मदद करने में जुटे हैं। पीडि़त युवक के स्वजन ने हनी ट्रैप की शिकायत की है। पुलिस अधीक्षक ने महिला थाना प्रभारी को जांच की जिम्मेदारी सौंपी है। महिला 2016 से लोगों को हनी ट्रैप में फंसा रही है।