बड़ी खबर:गेवरा क्षेत्र में ओबीसी संगठन में मनोनयन को लेकर नाराजगी, पदाधिकारियों ने दिया सामूहिक इस्तीफा – vedantsamachar.in

बड़ी खबर:गेवरा क्षेत्र में ओबीसी संगठन में मनोनयन को लेकर नाराजगी, पदाधिकारियों ने दिया सामूहिक इस्तीफा

कोरबा। एसईसीएल बिलासपुर जोन अंतर्गत गेवरा क्षेत्र में ओबीसी कोल एम्पलाइज वेलफेयर एसोसिएशन में नए अध्यक्ष और महामंत्री के मनोनयन को लेकर संगठन के पदाधिकारियों और सदस्यों में भारी नाराजगी सामने आई है। इस संबंध में संगठन के कुछ पदाधिकारियों ने केंद्रीय अध्यक्ष एवं महासचिव के नाम सामूहिक त्याग पत्र सौंपते हुए नियुक्ति प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं।

त्याग पत्र में आरोप लगाया गया है कि गेवरा क्षेत्र एवं परियोजना के नए अध्यक्ष और महामंत्री की नियुक्ति बिना सदस्यों एवं वर्तमान पदाधिकारियों की सहमति तथा बिना बैठक आयोजित किए कर दी गई। संगठन से जुड़े लोगों का कहना है कि पिछले एक वर्ष से संगठन को सक्रिय रूप से चलाने वाले सदस्यों की राय तक नहीं ली गई, जिससे कार्यकर्ताओं में असंतोष व्याप्त है।

पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि संगठन को सुचारू रूप से चलाने के लिए लोकतांत्रिक प्रक्रिया अपनाना आवश्यक है, लेकिन केवल कार्यकारी अध्यक्ष के निर्देश पर नियुक्तियां कर दी गईं। इससे गेवरा क्षेत्र के कई पदाधिकारी और सदस्य खुद को उपेक्षित महसूस कर रहे हैं।

त्याग पत्र में यह भी आरोप लगाया गया है कि जिन लोगों को अध्यक्ष और महामंत्री बनाया गया है, उनमें से कुछ पहले संगठन से सक्रिय रूप से जुड़े नहीं रहे हैं। इसे लेकर सदस्यों ने संगठन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं।

संगठन के नाराज पदाधिकारियों ने कहा है कि यदि इसी प्रकार मनमाने तरीके से संगठन संचालित किया गया तो वे आगे संगठन में कार्य करने के लिए बाध्य नहीं रहेंगे। पत्र के अंत में कुछ पदाधिकारियों और सदस्यों के हस्ताक्षर भी दर्ज हैं, जिन्होंने सामूहिक रूप से विरोध जताते हुए अपना इस्तीफा सौंपा है।