भाजपा पार्षदों ने निगम के सामने फैलाया कचरा

भिलाई। 23 मार्च (वेदांत समाचार) मंगलवार को भिलाई निगम के भाजपा पार्षदों ने सफाई में भेदभाव और लापरवाही करने का आरोप लगाते हुए निगम कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया। भाजपाइयों का आरोप था कि जिन वार्डों में भाजपा के पार्षद जीते हैं। उन वार्डों में ठीक से सफाई नहीं की जा रही है।

यदि पार्षद के कहने पर कोई सुपरवाइजर सफाई करवाता भी है तो उसे या तो स्थानांतरित कर दिया जा रहा है या फिर काम से निकाल दिया जा रहा है। इसी बात पर आक्रोश जताते हुए भाजपा पार्षद रिक्शे पर कचरा लेकर निगम कार्यालय पहुंचे और कार्यालय के गेट पर ही उसे फैलाकर प्रदर्शन किया।

भाजपा पार्षद पीयूष मिश्रा ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में निगम आयुक्त को एक ज्ञापन भी सौंपा है। जिसमें उन्होंने बताया है कि भाजपा पार्षदों के वार्डों में साफ सफाई तथा अन्य कार्यों में भेदभाव किया जा रहा है। वहां के सुपरवाइजर को सफाई करवाने से रोका जा रहा है।

यदि कर्मचारी पार्षद की शिकायत पर कार्य करता है तो उसका स्थानांतरण या काम से निकाल दिया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भिलाई विधायक के बड़े भाई द्वारा खरीदे गए प्लाट पर सफाई कर्मचारियों को लगाया जा रहा है। उनके निवास पर तथा विधायक के सेक्टर-5 निवास पर सभी कर्मचारी लगा दिये जा रहे हैं। इसके आलावा निगम के स्वास्थ्य अधिकारी से लेकर जोन के स्वछता निरीक्षक के हाथों में कुछ नहीं है।

इनकी कोई भी सफाई कर्मचारी नही सुन रहे हैं। पूरा सफाई अमला प्राइवेट कंपनी की तरह कार्य कर रहा है। सफाई कार्य में उपयोग हो रहे रिक्शा व गाड़िया जर्जर हो गए हैं। जिससे सफाई कार्य संभव नहीं है। जिस एजेंसी के खिलाफ सामान्य सभा में जांच का आदेश हुआ था उसी एजेंसी से कमीशनखोरी के लिए सफाई का काम कराया जा रहा है।

उन्होंने आयुक्त से इन अव्यवस्थाओं को सुधारने की मांग की है।

ये रहे उपस्थित

प्रदर्शन के दौरान शकुंतला साहू, नोहर वर्मा, ईश्वरी नेताम, सागर शुक्ला, बृजेश शर्मा, जीत शर्मा, पलाश, अनंत मिश्रा, सुशील रजक, अनुराग द्विवेदी, योगेश्वर वर्मा, पवन चंद्राकर, नितेश सिंह, हितेश वर्मा, निखिल सोन और पीयूष अग्निहोत्री सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।