जांजगीर-चांपा, 18 मई (वेदांत समाचार)। जिले में अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन पर प्रभावी कार्रवाई और अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चांपा द्वारा “Illegal Mining Task Force” का गठन किया गया है। इस संबंध में आदेश जारी कर विशेष टास्क फोर्स की दो टीमें बनाई गई हैं, जो जिलेभर में अवैध रेत कारोबार पर निगरानी रखकर कार्रवाई करेंगी।
जारी आदेश के अनुसार, टास्क फोर्स का पर्यवेक्षण अधिकारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप को बनाया गया है। वहीं टास्क फोर्स का मुख्यालय जांजगीर रहेगा। गठित टीमों में शामिल अधिकारी एवं कर्मचारी अपने नियमित कार्यों के साथ-साथ अवैध रेत उत्खनन और परिवहन की सूचना मिलने पर संबंधित थाना प्रभारियों के साथ संयुक्त रूप से रेड कार्रवाई करेंगे।
पुलिस विभाग द्वारा दो अलग-अलग “Task Force” टीमों का गठन किया गया है। पहली टीम में प्रधान आरक्षक जददीश प्रसाद रत्नाकर सहित अन्य पुलिसकर्मियों को शामिल किया गया है, जबकि दूसरी टीम में प्रधान आरक्षक रेखराज ध्रुव सहित अन्य जवानों की ड्यूटी लगाई गई है।
आदेश में यह भी उल्लेख किया गया है कि जिले के थाना एवं चौकी क्षेत्रों में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन करने वालों पर ड्रोन के माध्यम से निगरानी रखी जाएगी। ड्रोन ऑपरेशन की जिम्मेदारी आरक्षक राजकमल ओझा, थाना जांजगीर को सौंपी गई है।
पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को निर्देशित किया है कि अवैध खनन से संबंधित सूचना प्राप्त होने पर तत्काल पर्यवेक्षण अधिकारी को अवगत कराते हुए टास्क फोर्स के साथ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें। साथ ही प्रतिदिन की गई कार्रवाई की जानकारी पुलिस नियंत्रण कक्ष के माध्यम से उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।
यह आदेश आज जारी किया गया है। पुलिस विभाग की इस पहल को जिले में बढ़ते अवैध रेत कारोबार पर रोक लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

