220 केवी धमधा-गैंदपुर लाइन के ऊर्जीकृत होने से बढ़ेगी पावर सप्लाई क्षमता
रायपुर, 16 मई 2026। छत्तीसगढ़ में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को और अधिक मजबूत एवं विश्वसनीय बनाने की दिशा में छत्तीसगढ़ स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। कंपनी द्वारा पावर ग्रिड के 765 केवी उपकेंद्र धमधा से स्टेट ग्रिड के लिए 220 केवी गैंदपुर नई डबल सर्किट ट्रांसमिशन लाइन का सफलतापूर्वक निर्माण कर उसे ऊर्जीकृत कर दिया गया है।
नई लाइन के शुरू होने से केंद्रीय ग्रिड से बिजली प्राप्त करने की क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। साथ ही राजनांदगांव, कबीरधाम (कवर्धा), मुंगेली, बेमेतरा और बलौदाबाजार-भाठापारा जिले में विद्युत आपूर्ति अधिक गुणवत्तापूर्ण एवं निर्बाध हो सकेगी।
मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai तथा प्रमुख सचिव ऊर्जा एवं छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनीज के अध्यक्ष Subodh Kumar Singh के मार्गदर्शन में प्रदेश की विद्युत अधोसंरचना को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से यह परियोजना पूरी की गई।
छत्तीसगढ़ स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी के प्रबंध निदेशक Rajesh Kumar Shukla ने नई लाइन का ऊर्जीकरण किया। इस अवसर पर उन्होंने बताया कि दुर्ग जिले के धमधा-मेड़ेसरा स्थित पावर ग्रिड के 765/400/220 केवी उपकेंद्र से 220 केवी धमधा-गैंदपुर ट्रांसमिशन लाइन का सफल चार्जिंग एवं सिंक्रोनाइजेशन किया गया है।
उन्होंने बताया कि इस डबल सर्किट लाइन के शुरू होने से गैंदपुर (कवर्धा), मुंगेली, बेमेतरा और सुहेला स्थित 220 केवी उपकेंद्रों के बीच बिजली आदान-प्रदान की क्षमता में वृद्धि होगी। पहले जहां इस नेटवर्क के लिए 220 केवी की तीन लाइनें उपलब्ध थीं, वहीं अब इनकी संख्या बढ़कर पांच हो गई है।
नई लाइन से तकनीकी खराबी की स्थिति में भी बिजली आपूर्ति प्रभावित नहीं होगी और वैकल्पिक व्यवस्था के जरिए सप्लाई जारी रखी जा सकेगी। इससे औद्योगिक, कृषि एवं घरेलू उपभोक्ताओं को बेहतर और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित होगी।
इस अवसर पर कार्यपालक निदेशक (लाइन) Sanjay Patel, कार्यपालक निदेशक (पीसी एवं आरए) K. S. Manothia, कार्यपालक निदेशक (ट्रांसमिशन) V. K. Dixit, मुख्य अभियंता (प्रोजेक्ट) P. Gosavi, मुख्य अभियंता (सब-स्टेशन) Abraham Varghese तथा अतिरिक्त मुख्य अभियंता Manoj Rai सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

