गेवरा खदान क्षेत्र में सुरक्षा नियमों का उल्लंघन, 12 लोग पकड़े गए – vedantsamachar.in

गेवरा खदान क्षेत्र में सुरक्षा नियमों का उल्लंघन, 12 लोग पकड़े गए

कोरबा 16 मई 2026। एसईसीएल गेवरा कोयला खदान क्षेत्र में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) ने सुरक्षा नियमों का उल्लंघन कर अवैध रूप से खदान परिसर में प्रवेश करने वाले 12 लोगों को पकड़ा है। कार्रवाई के बाद सभी को समझाइश देकर छोड़ दिया गया।

जानकारी के अनुसार महिला निरीक्षक श्रद्धा देवांगन माहेश्वरी के नेतृत्व में सीआईएसएफ की टीम ने बी-2, ओल्ड दीपका और क्यू-कोल स्टॉक क्षेत्र में सघन जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान टीम ने संदिग्ध रूप से घूम रहे 12 लोगों की घेराबंदी कर उन्हें हिरासत में लिया।

पूछताछ में संबंधित लोगों ने बताया कि वे आसपास के प्रभावित गांवों के निवासी हैं और एसईसीएल के खिलाफ प्रदर्शन करने के उद्देश्य से खदान परिसर में पहुंचे थे। सीआईएसएफ टीम ने सभी का सत्यापन करने के बाद सुरक्षा नियमों की जानकारी देते हुए भविष्य में बिना अनुमति खदान क्षेत्र में प्रवेश नहीं करने की चेतावनी दी और उन्हें छोड़ दिया।

बताया जा रहा है कि गेवरा और दीपका खदान क्षेत्र में भू-विस्थापित ग्रामीणों तथा ठेका कर्मचारियों द्वारा विभिन्न मांगों को लेकर समय-समय पर प्रदर्शन किए जाते रहे हैं। सुरक्षा की दृष्टि से सीआईएसएफ द्वारा लगातार निगरानी और जांच अभियान चलाया जा रहा है।