कोरबा,15 मई (वेदांत समाचार)। जिले के बांगो थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बेतलो में बीती रात जहरीले करैत सांप के डसने से एक 20 वर्षीय युवती की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम बेतलो निवासी समयलाल (42 वर्ष) की पुत्री सरस्वती रात में घर में जमीन पर सो रही थी। इसी दौरान जहरीले करैत सांप ने उसे डस लिया। परिजनों को घटना की जानकारी मिलने पर युवती की हालत बिगड़ने लगी। आनन-फानन में उसे उपचार के लिए ले जाने की तैयारी की गई, लेकिन उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मृतका के पिता समयलाल ने बांगो थाना में दी। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

