बर्थडे पर अनसूया भारद्वाज का दमदार लुक रिलीज, ‘नागबंधम’ में निभाएंगी ‘लीलावती’ का किरदार – vedantsamachar.in

बर्थडे पर अनसूया भारद्वाज का दमदार लुक रिलीज, ‘नागबंधम’ में निभाएंगी ‘लीलावती’ का किरदार


मुंबई। निर्देशक अभिषेक नामा की बहुप्रतीक्षित पैन-इंडिया फिल्म नागबंधम लगातार सुर्खियों में बनी हुई है। फिल्म की घोषणा के बाद से ही दर्शकों के बीच इसे लेकर जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। मेकर्स समय-समय पर फिल्म से जुड़े नए पोस्टर, गाने और झलकियां जारी कर फैंस की उत्सुकता बढ़ा रहे हैं।


इसी कड़ी में अभिनेत्री अनसूया भारद्वाज के जन्मदिन के अवसर पर मेकर्स ने उनका खास कैरेक्टर पोस्टर जारी किया है। फिल्म में अनसूया ‘लीलावती’ नामक किरदार में नजर आएंगी। जारी पोस्टर में उनका लुक बेहद फियरस और इंटेंस दिखाई दे रहा है, जिसने सोशल मीडिया पर फैंस का ध्यान खींच लिया है।


पोस्टर साझा करते हुए मेकर्स ने लिखा, “एक ऐसी निडर महिला, जिसे उन आवाज़ों ने रास्ता दिखाया जो उसकी अपनी नहीं थीं। हमारी ‘लीलावती’ उर्फ अनसूया भारद्वाज को जन्मदिन की ढेरों शुभकामनाएं।”


फिल्म में विराट कर्ण, नभा नटेश, जगपति बाबू और ऋषभ साहनी भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म का हर कैरेक्टर पोस्टर सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।


फिल्म के गानों को भी दर्शकों का शानदार रिस्पॉन्स मिल रहा है। “नमो रे” यूट्यूब पर 10 मिलियन से अधिक व्यूज़ हासिल कर चुका है, जबकि शादी के फेस्टिव ट्रैक “सुरा सुरा” को भी 5 मिलियन से ज्यादा व्यूज़ मिल चुके हैं।


हाल ही में रिलीज किए गए टीज़र में दर्शकों को रहस्य, आध्यात्मिकता और भव्य विजुअल्स से भरपूर दुनिया की झलक देखने को मिली। दमदार बैकग्राउंड स्कोर और सिनेमैटिक प्रस्तुति ने फिल्म को लेकर उत्साह और बढ़ा दिया है।


भारतीय संस्कृति, इतिहास और कम चर्चित पौराणिक कथाओं से प्रेरित यह फिल्म फैंटेसी और इमोशन का अनोखा संगम पेश करेगी। फिल्म की कहानी, स्क्रीनप्ले और निर्देशन अभिषेक नामा ने किया है, जबकि निर्माण किशोर अन्नापुरेड्डी और निशिता नागिरेड्डी ने किया है।


नागबंधम 3 जुलाई 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।