सक्ती,30 जून (वेदांत समाचार)। आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग, रायपुर द्वारा संचालित 100 सीटर शासकीय अनुसूचित जाति कन्या क्रीड़ा परिसर, चिस्दा (हसौद) में रिक्त 69 सीटों पर प्रवेश के लिए चयन प्रक्रिया 2 एवं 3 जुलाई 2026 को आयोजित की जाएगी। प्रवेश परीक्षा का आयोजन क्रीड़ा परिसर परिसर में प्रतिदिन सुबह 8 बजे से होगा, जहां शारीरिक दक्षता एवं खेल प्रवीणता के आधार पर छात्राओं का चयन किया जाएगा।
चयन प्रक्रिया के अंतर्गत बैटरी टेस्ट के माध्यम से अभ्यर्थियों का मूल्यांकन किया जाएगा। इसमें गति परीक्षण, उछाल परीक्षण, शटल रन, 800 मीटर दौड़, स्फूर्ति परीक्षण, गतिशीलता परीक्षण, शरीर के ऊपरी भाग का लचीलापन, सीट-अप, पुश-अप, लेग रेजिंग तथा सहनशक्ति दौड़ सहित विभिन्न शारीरिक दक्षता परीक्षाएं शामिल होंगी।
चयनित छात्राओं को शासन की ओर से निःशुल्क आवास, पौष्टिक भोजन, छात्रवृत्ति तथा गणवेश की सुविधा प्रदान की जाएगी। साथ ही उन्हें प्रतिदिन सुबह 5:30 से 7:30 बजे तथा शाम 4:30 से 6:30 बजे तक नियमित खेल प्रशिक्षण लेना अनिवार्य होगा।
क्रीड़ा परिसर में चयनित छात्राओं को खो-खो, सॉफ्टबॉल, हैंडबॉल, वॉलीबॉल एवं एथलेटिक्स जैसी खेल विधाओं का विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा।
प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित अधिक जानकारी के लिए शासकीय अनुसूचित जाति कन्या क्रीड़ा परिसर, चिस्दा (हसौद) की अधीक्षिका संगीता प्रसाद से मोबाइल नंबर 9575341372 पर संपर्क किया जा सकता है।

