वीडी सतीशन होंगे केरल के नए मुख्यमंत्री कांग्रेस ने राज्य में सीएम के नाम का किया एलान… – vedantsamachar.in

वीडी सतीशन होंगे केरल के नए मुख्यमंत्री कांग्रेस ने राज्य में सीएम के नाम का किया एलान…

नई दिल्ली,13 मई । केरल में कई दिनों की राजनीतिक हलचल, बैठकों और अंदरूनी खींचतान के बाद आखिरकार कांग्रेस ने बड़ा फैसला ले लिया है। कांग्रेस नेतृत्व ने वीडी सतीशन को केरल का नया मुख्यमंत्री चुन लिया है। इसके साथ ही राज्य की राजनीति में नई पीढ़ी के नेतृत्व की शुरुआत मानी जा रही है। दिल्ली में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं दीपादास मुंशी, मुकुल वासनिक और अजय माकन ने उनके नाम का आधिकारिक एलान किया।

कांग्रेस नेताओं की तरफ से प्रेस वार्ता में बताया गया कि वीडी सतीशन राज्य के नए मुख्यमंत्री होंगे। केरल में विधानसभा चुनाव के लिए 9 अप्रैल को वोट डाले गए थे और 4 मई को नतीजे घोषित किया गया। विधानसभा चुनाव के नतीजे घोषित होने के 10 दिन बाद कांग्रेस ने मुख्यमंंत्री के नाम की घोषणा की है।


मुख्यमंत्री पद को लेकर पिछले कई दिनों से कांग्रेस के भीतर लगातार चर्चा चल रही थी। तिरुवनंतपुरम से लेकर दिल्ली तक नेताओं की बैठकों और लॉबिंग का दौर जारी था। आखिरी समय तक यह तय नहीं माना जा रहा था कि पार्टी किस नेता पर भरोसा जताएगी।

कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल भी अंतिम दौर की बातचीत के लिए दिल्ली में मौजूद थे। बताया गया कि राहुल गांधी ने उनसे मुलाकात के बाद नेतृत्व का फैसला सुनाया। वहीं वरिष्ठ नेता रमेश चेन्निथला को भी राहुल गांधी ने फोन कर जानकारी दी कि मुख्यमंत्री पद की दौड़ खत्म हो चुकी है और वीडी सतीशन को चुना गया है।