IPL 2026: एक दिन ये सब खत्म हो जाएगा… विराट कोहली ने किसके लिए की दिल-जान झोंकने की बात? – vedantsamachar.in

IPL 2026: एक दिन ये सब खत्म हो जाएगा… विराट कोहली ने किसके लिए की दिल-जान झोंकने की बात?

नई दिल्ली ,13 मई : RCB vs KKR के मुकाबले में विराट कोहली ने दुनिया को एक बार फिर से बतलाया कि क्यों वो चेज मास्टर कहे जाते हैं? क्यों रनों के गणित को सुलझाने में उनके जैसा कोई दूसरा नहीं है? KKR के खिलाफ पहला रन जब बना तो विराट ने उसे सेलिब्रेट भी किया. ये सेलिब्रेशन तो उन्होंने अपने पिछले दो डक से थोड़े गिरे मनोबल को उठाने के लिए मनाया था. लेकिन, उसके बाद जो उन्होंने किया उसने KKR की हार लिख दी.

193 रन के चेज में विराट ने अकेले 105 रन बनाए वो भी नाबाद. उन्होंने 58 गेंदों पर शतक पूरा किया. लेकिन सवाल इसका नहीं है बल्कि मुद्दा तो वो जो उन्होंने मैच के बाद कहा. विराट कोहली ने कहा कि एक दिन ये सब खत्म हो जाएगा, इसलिए मैदान पर अपना दिल और जान लगा देता हूं.

एक दिन सब खत्म हो जाएगा… विराट ने क्यों कहा?
अब सवाल है कि विराट कोहली ने RCB vs KKR मैच के बाद ऐसा क्यों और किसके लिए कहा? उन्होंने ये बात क्रिकेट और उससे अपनी मोहब्बत को लेकर कही. उन्होंने कहा कि क्रिकेट एक ऐसी चीज है, जिसे मैं सच में बेइंतहा प्यार करता हूं. इसके लिए मैदान पर फील्डिंग हो या बैटिंग मैं अपना दिल और जान लगा देता हूं. ऐसा इसलिए क्योंकि ये सब एक दिन खत्म होने वाला है. उन्होंने कहा कि वो मैदान पर बिताए हर दिन का भरपूर मजा लेना चाहते हैं और दबाव के हालात का सामना करने के लिए भी तैयार रहना चाहते हैं, ताकि खुद को तसल्ली दे सकें.

इतने सालों बाद भी क्रिकेट से विराट को वैसा ही प्यार
विराट ने आगे कहा कि इतने सालों बाद भी मैं दवाब वाले सिचुएशन में परफॉर्म कर पा रहा हूं तो इसलिए क्योंकि मुझे इस गेम से प्यार है. मुझे बल्ले के बीच गेंद को हिट करना पसंद है. वो आनंद अभी भी मेरी बल्लेबाजी में बरकरार है और ये भगवान का आशीर्वाद ही है. उसके लिए मैं उनका शुक्रगुजार हूं.