सड़क हादसे में घायल युवक की मदद को आगे आईं एसपी निवेदिता पाल, खुद वाहन में बैठाकर पहुंचाया अस्पताल – vedantsamachar.in

सड़क हादसे में घायल युवक की मदद को आगे आईं एसपी निवेदिता पाल, खुद वाहन में बैठाकर पहुंचाया अस्पताल

जांजगीर-चांपा,13 मई (वेदांत समाचार)। जांजगीर-चांपा जिले की प्रभारी पुलिस अधीक्षक निवेदिता पाल ने मानवता और संवेदनशीलता की मिसाल पेश करते हुए सड़क दुर्घटना में घायल युवक की तत्परता से मदद की।

जानकारी के अनुसार, बुधवार दोपहर लगभग 2:15 बजे शासकीय कन्या महाविद्यालय जांजगीर मेन रोड पर एक मोटरसाइकिल चालक सड़क हादसे में घायल हो गया। उसी दौरान पुलिस अधीक्षक निवेदिता पाल वहां से गुजर रही थीं। घटना की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने तुरंत अपना वाहन रुकवाया और घायल युवक की स्थिति का जायजा लिया।

पुलिस अधीक्षक ने बिना समय गंवाए घायल युवक को स्वयं अपने शासकीय वाहन में बैठाकर जिला अस्पताल जांजगीर पहुंचाया। वहां डॉक्टरों को घायल का समुचित उपचार करने के निर्देश भी दिए। समय पर मिली मदद से युवक को तत्काल इलाज उपलब्ध हो सका।

पुलिस अधीक्षक की इस संवेदनशील पहल की स्थानीय लोगों ने सराहना की। वहीं घायल युवक ने भी समय पर सहायता और सहयोग के लिए पुलिस अधीक्षक का आभार व्यक्त किया।

इस घटना ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि पुलिस केवल कानून व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि मानव जीवन की रक्षा और समाज सेवा के लिए भी सदैव तत्पर रहती है।