Bilaspur Crime: रतनपुर पुलिस ने चाकू और कट्टा लेकर राहगीरों को डराने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, जेल भेजे गए – vedantsamachar.in

Bilaspur Crime: रतनपुर पुलिस ने चाकू और कट्टा लेकर राहगीरों को डराने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, जेल भेजे गए

बिलासपुर, 05 अप्रैल 2026। रतनपुर थाना क्षेत्र में अशांति फैलाने वाले बदमाशों के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपियों के कब्जे से धारदार चाकू, कट्टा नुमा हथियार और घटना में प्रयुक्त कार भी जब्त की गई है।

मिली जानकारी के अनुसार 04 अप्रैल 2026 को थाना रतनपुर में फोन के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि रानीगांव मेन रोड के पास दो युवक आम लोगों को चाकू और कट्टा दिखाकर डरा-धमका रहे हैं और क्षेत्र में उत्पात मचा रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी रतनपुर प्रशिक्षु आईपीएस अंशिका जैन ने तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया और उनके निर्देश पर एक टीम गठित कर मौके पर रवाना किया गया।

पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी करते हुए दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। पूछताछ में उनकी पहचान नबीदाद खान (42 वर्ष) निवासी करैहापारा रतनपुर और दीशु कोरी (23 वर्ष) निवासी रानीगांव थाना रतनपुर के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उनके पास से एक धारदार चाकू और कट्टा नुमा हथियार बरामद किया गया, साथ ही घटना में प्रयुक्त कार को भी जब्त किया गया।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की और उन्हें न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी अंशिका जैन के नेतृत्व में निरीक्षक निलेश पाण्डेय, सहायक उपनिरीक्षक नरेश गर्ग सहित आरक्षक देवानंद चन्द्राकर, पवन ठाकुर, हरनारायण नेटी और रामकुमार साहू का विशेष योगदान रहा। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।