सिमगा में मेडिकल संचालक गिरफ्तार: प्रतिबंधित टैबलेट, कफ सिरप और इंजेक्शन बेचते रंगे हाथों पकड़ा गया

बलौदाबाजार, 05 अप्रैल 2026। जिले के सिमगा थाना क्षेत्र में अवैध रूप से प्रतिबंधित दवाइयों की बिक्री के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक मेडिकल दुकान संचालक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से भारी मात्रा में प्रतिबंधित टैबलेट, कफ सिरप, इंजेक्शन और नकद राशि भी जब्त की गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार जय मां शारदा मेडिकल हाल सिमगा के संचालक द्वारा लंबे समय से प्रतिबंधित दवाइयों की अवैध बिक्री किए जाने की सूचना मिल रही थी। सूचना के आधार पर सिमगा थाना पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से दबिश दी और दुकान संचालक को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान योगेश कुमार देवांगन (36 वर्ष), निवासी कंकालीन पारा सिमगा के रूप में हुई है, जो शारदा मेडिकल स्टोर्स का संचालक है। तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से 4 पत्ते प्रतिबंधित टैबलेट, 40 नग इंजेक्शन, 6 नग कफ सिरप सहित कुल ₹2665 मूल्य की दवाइयां और ₹500 की बिक्री राशि जब्त की है।

पुलिस द्वारा बरामद दवाइयों का परीक्षण और सत्यापन कराने के लिए खाद्य एवं औषधि प्रसाधन विभाग से भी अवलोकन कराया गया, जिसमें दवाइयों के प्रतिबंधित होने की पुष्टि की गई है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जिले में अवैध दवा बिक्री और नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।