ज्यादा माइलेज के लिए देश में CNG कारें पॉपुलर हो रही हैं. यही वजह है कि पिछले कुछ समय में CNG कारों की मांग काफी तेजी से बढ़ी है. CNG कारें पेट्रोल कारों की तुलना में ज्यादा माइलेज देती हैं. साथ ही CNG के दाम भी कम होते हैं. इसलिए लोग अब नई CNG कार खरीदने के साथ-साथ अपनी पुरानी पेट्रोल कार में भी CNG किट लगवा रहे हैं.
अगर आप भी अपनी मौजूदा पेट्रोल कार में CNG किट लगवाने की योजना बना रहे हैं, तो कुछ जरूरी बातों की जानकारी होना बेहद जरूरी है. बिना सही जानकारी के CNG किट लगवाना बाद में परेशानी का कारण बन सकता है. इसलिए पहले यह समझ लेना जरूरी है कि आपकी कार में CNG किट लग सकती है या नहीं.
CNG किट लगवाने में कितना आता है खर्च?
भारत में CNG किट लगवाने का खर्च अलग-अलग हो सकता है. आमतौर पर इसकी कीमत 35 हजार रुपये से लेकर 80 हजार रुपये तक जाती है. यह खर्च इस बात पर निर्भर करता है कि आप किस कंपनी की किट लगवा रहे हैं और आपकी कार का मॉडल कौन सा है. इस कुल खर्च में केवल किट की कीमत ही नहीं बल्कि इंस्टालेशन चार्ज, RTO अप्रूवल फीस और इंश्योरेंस अपडेट कराने का खर्च भी शामिल होता है. कुछ प्रीमियम ब्रांड की किट ज्यादा महंगी होती हैं लेकिन उनकी क्वालिटी और सुरक्षा बेहतर मानी जाती है.
CNG किट लगवाने के फायदे
CNG का सबसे बड़ा फायदा कम ईंधन खर्च है. पेट्रोल की तुलना में CNG काफी सस्ती पड़ती है, जिससे हर महीने हजारों रुपये की बचत हो सकती है. इसके अलावा CNG पर्यावरण के लिए भी पेट्रोल और डीजल से बेहतर मानी जाती है क्योंकि इससे प्रदूषण कम होता है. हालांकि, CNG किट लगवाने से पहले यह जरूर जांच लें कि आपकी कार का इंजन उसके लिए सही है या नहीं. सही तरीके से फिट की गई CNG किट आपकी कार की परफॉर्मेंस और माइलेज दोनों को बेहतर बना सकती है.
कार के वजन का रखें खास ध्यान
सरकारी नियमों के अनुसार हर कार में CNG किट नहीं लगाई जा सकती. रिपोर्ट्स के मुताबिक, केंद्र सरकार के नियम कहते हैं कि केवल उन्हीं वाहनों में CNG किट लगाई जा सकती है जिनका कुल वजन 3.5 टन से कम हो. इसलिए सबसे पहले आपको अपनी कार का सही वजन पता होना चाहिए. इसके अलावा, जिस CNG किट का इस्तेमाल किया जा रहा है वह RTO से मंजूर होना चाहिए. बिना अप्रूवल वाली किट लगवाने पर कानूनी परेशानी हो सकती है. इतना ही नहीं, गलत या लोकल किट आपकी कार के इंजन और सुरक्षा दोनों के लिए नुकसानदायक साबित हो सकती है.

