जांजगीर-चांपा में रातभर चला पुलिस का कॉम्बिंग ऑपरेशन, 600 मकानों और 300 से ज्यादा ट्रेलर-ट्रकों की जांच – vedantsamachar.in

जांजगीर-चांपा में रातभर चला पुलिस का कॉम्बिंग ऑपरेशन, 600 मकानों और 300 से ज्यादा ट्रेलर-ट्रकों की जांच

जांजगीर-चांपा, 11 मई 2026 । जिले में कानून व्यवस्था को मजबूत करने और असामाजिक तत्वों पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस ने शनिवार देर रात से रविवार सुबह तक बड़ा सघन चेकिंग अभियान चलाया। जिले के सभी थाना और चौकी क्षेत्रों में एक साथ कॉम्बिंग गश्त कर निगरानी बदमाशों, गुंडा तत्वों और संदिग्ध व्यक्तियों के ठिकानों पर दबिश दी गई। अभियान के दौरान 600 से अधिक मकानों और हाईवे पर खड़े 300 से ज्यादा ट्रेलर-ट्रकों की जांच की गई।

प्रभारी पुलिस अधीक्षक श्रीमती निवेदिता पाल के निर्देशन में चलाए गए इस विशेष अभियान में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री उमेश कुमार कश्यप के नेतृत्व में थाना-चौकी प्रभारी सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। रातभर चली कार्रवाई में पुलिस ने जिले के घनी आबादी वाले इलाकों, सुनसान क्षेत्रों और हाईवे पर लगातार निगरानी रखी।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक अभियान का मुख्य उद्देश्य जिले में अपराध नियंत्रण, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखना और असामाजिक तत्वों में पुलिस का भय कायम करना था। इसी के तहत करीब 120 निगरानी और गुंडा बदमाशों के ठिकानों पर पहुंचकर जांच की गई और उन्हें सख्त चेतावनी दी गई।

अभियान के दौरान दोपहिया और चारपहिया वाहनों की व्यापक जांच की गई। पुलिस ने वाहनों की डिक्की चेकिंग के साथ ड्राइवर और क्लीनर के लाइसेंस, वाहन दस्तावेज और आधार कार्ड के आधार पर सत्यापन किया। संदिग्ध व्यक्तियों की तलाशी भी ली गई।

जांच के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 20 वाहन चालकों के खिलाफ मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस ने चालकों से कुल 6400 रुपये का समन शुल्क वसूला।

इसी अभियान के दौरान थाना अकलतरा पुलिस को बड़ी सफलता मिली। पुलिस ने 40 पाव देशी प्लेन और अंग्रेजी शराब के साथ 10 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब बरामद की। मामले में अकलतरा निवासी 27 वर्षीय आरोपी अविनाश मार्बल को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस ने अभियान के दौरान अवैध शराब, मादक पदार्थों के परिवहन, संदिग्ध गतिविधियों और धारदार हथियार रखने वालों पर विशेष नजर रखी। अधिकारियों ने कहा कि जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने और अपराधों पर नियंत्रण के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

जांजगीर-चांपा पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे सुरक्षा और चेकिंग संबंधी कार्यवाहियों में सहयोग करें। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वाहन या गतिविधि की जानकारी तत्काल डायल-112 या नजदीकी थाना को देने की अपील की गई है।