Apple का iPhone 18 Pro इस साल के आखिर में लॉन्च हो सकता है, कंपनी के इस अपकमिंग फ्लैगशिप डिवाइस के बारे में आए दिन नए-नए लीक्स सामने आ रहे हैं जिससे लोगों में इस फोन से जुड़ी नई-नई जानकारी जानने की उत्सुकता बढ़ रही है कि ये फोन कैसा होगा और इसकी कीमत कितनी होगी. अब एक नए लीक से न केवल आईफोन 18 प्रो बल्कि आईफोन 18 प्रो मैक्स की कीमत का भी संकेत मिला है कि ये फोन किस कीमत में लॉन्च हो सकता है.
iPhone 18 Pro Price: लीक हुई कीमत
एनालिस्ट Jeff Pu (9to5Mac के जरिए) के एक नए लीक के मुताबिक, कंपनी इस साल आईफोन 18 प्रो और आईफोन 18 प्रो मैक्स के लिए आक्रामक कीमत यानी aggressive pricing की रणनीति अपनाएगा. रिपोर्ट में बताया गया है कि यह आक्रामक कीमत कम से कम बेस मॉडल्स पर तो लागू होनी ही चाहिए. अगर लीक्स सही निकले तो आईफोन 18 प्रो की कीमत 1099 डॉलर (लगभग 104546 रुपए) और आईफोन 18 प्रो मैक्स की कीमत 1199 डॉलर (लगभग 114059 रुपए) से शुरू हो सकती है.
एनालिस्ट मिंग-ची कुओ की एक पिछली रिपोर्ट में बताया गया था कि एपल सप्लाई चेन के झटकों को झेलने और ज्यादा मार्केट शेयर हासिल करने के लिए iPhone 18 Pro लाइनअप की कीमत को बिना किसी बदलाव के रखने की योजना बना रहा है. कुओ ने कहा था कि मेमोरी की ज्यादा लागत से आईफोन के ग्रॉस मार्जिन पर असर पड़ेगा लेकिन कंपनी की रणनीति साफ है कि बाजार की उथल-पुथल का फायदा उठाना, चिप्स सुरक्षित करना, लागत खुद उठाना और ज्यादा मार्केट शेयर हासिल करना. कंपनी बाद में सर्विसेज के ज़रिए इसकी भरपाई कर लेगी.
सैमसंग जैसी बड़ी स्मार्टफोन बनाने वाली कंपनियों को भी Galaxy और A सीरीज के डिवाइस की कीमतें बढ़ानी पड़ी हैं लेकिन ऐसा लगता है कि एपल जो अपने नए CEO John Ternus के नेतृत्व में आईफोन 18 प्रो लाइनअप लॉन्च करने जा रहा है, स्मार्टफोन बाजार में हिस्सेदारी बढ़ाने के लिए अपने प्रॉफिट मार्जिन में कटौती करने को भी तैयार है.

