रायगढ़ 11 मई 2026 । रायगढ़ पुलिस की मानवीय संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई का एक सराहनीय मामला सामने आया है। चक्रधरनगर थाना पुलिस ने अपने परिजनों से बिछड़े एक मासूम बच्चे को सुरक्षित उसके परिवार तक पहुंचाकर मानवीय पुलिसिंग की मिसाल पेश की है। बच्चे के सकुशल मिलने के बाद परिवार ने राहत की सांस ली और पुलिस टीम का आभार जताया।
जानकारी के अनुसार, 10 मई 2026 की रात करीब 8 बजे थाना चक्रधरनगर पुलिस को सूचना मिली कि कमला नेहरू गार्डन के पास लगभग 4 से 5 वर्ष का एक बच्चा अकेला और परेशान हालत में घूम रहा है। सूचना मिलते ही चक्रधरनगर थाना की पेट्रोलिंग टीम तत्काल मौके पर पहुंची और बच्चे को सुरक्षित अपने संरक्षण में लिया।
पुलिसकर्मियों ने बच्चे को शांत कर उससे बातचीत की और उसके बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास किया। पूछताछ के दौरान बच्चे ने अपना नाम बताया और यह भी बताया कि वह मिट्ठूमुडा क्षेत्र का रहने वाला है। इसके बाद पुलिस टीम बच्चे को अपने साथ लेकर मिट्ठूमुडा इलाके पहुंची और उसके परिजनों की तलाश शुरू की।
खोजबीन के दौरान पुलिस टीम को बच्चे का लगभग 8 वर्षीय बड़ा भाई मिला। दोनों बच्चों से जानकारी लेने के बाद पुलिस उनके घर पहुंची और मासूम को उसकी मां के सुपुर्द किया गया। अपने बच्चे को सुरक्षित वापस पाकर परिवार की खुशी का ठिकाना नहीं रहा।
घटना के बाद परिवारजनों ने चक्रधरनगर पुलिस की त्वरित कार्रवाई, सतर्कता और संवेदनशील व्यवहार की जमकर सराहना की। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की इस पहल को मानवीय पुलिसिंग का बेहतरीन उदाहरण बताया।
रायगढ़ पुलिस की इस कार्रवाई से यह संदेश गया है कि पुलिस केवल कानून व्यवस्था संभालने तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरत के समय आम लोगों की मदद और सुरक्षा के लिए भी पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है।

